
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में बाड़मेर के शिव उपखंड के कानासर गांव की स्कूली छात्रा मूमल मेहर चौके-छक्के लगाती नजर आ रही है। वायरल वीडियो को लेकर क्रिकेट लीजेंड सचिन तेंदुलकर ने मंगलवार को ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में इस छात्रा का वीडियो शेयर करते लिखा है कि कल ही तो ऑक्शन हुआ और आज मैच भी शुरू, क्या बात है, रियली एंजोय योर बैटिंग...।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को ही पहली महिला प्रीमियर लीग की खिलाड़ियों का ऑक्शन (नीलामी) हुआ है। वायरल वीडियो में चौके-छक्के लगा रही 14 साल की मूमल मेहर कक्षा 8वीं की छात्रा है। मूमल के पिता सामान्य किसान हैं। क्रिकेट खेलने के दौरान पहनने के लिए उसके पास जूते तक नहीं हैं, लेकिन उसका खेल देखकर लगता है कि वह क्रिकेट में अपना भविष्य बनाएगी और भारत का नाम रोशन करेगी।
इंस्टाग्राम पर रील को मिल रहे लाइक्स
छात्रा का इंस्टाग्राम एकाउंट है। जिस पर चौके-छक्के लगाने की रील चल रही है। हजारों की संख्या में लाइक्स आए हैं। सोशल मीडिया से इस छात्रा को क्रिकेट जगत में भी प्रसिद्धि मिल रही है। वीडियो को लाइक और कमेंट मिलने के अलावा शेयर भी किया जा रहा है।
स्कूल शिक्षक हैं मूमल के कोच
जानकारी के अनुसार मूमल के स्कूल शिक्षक रोशन खान उसके कोच भी हैं। वे रोजाना उसे क्रिकेट की प्रैक्टिस करवाते हैं। क्रिकेट को लेकर उसकी प्रतिभा को देखते हुए उसे कोचिंग दी जा रही है। क्रिकेटर सूर्यकुमार की बैटिंग को पसंद करने वाली छात्रा मूमल को उनकी तरह शॉट खेलना पसंद है। वह ग्रामीण ओलम्पिक खेलों में हुई क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रतिभा दिखा चुकी है।
पूनिया ने भेजा किट
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने मूमल के लिए क्रिकेट किट भेजा है। उन्होंने क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हुए ट्वीट में शुभकामनाएं दी हैं।
Published on:
15 Feb 2023 01:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
