गंगापुरसिटी. उदेई मोड़ स्थित 'एÓ श्रेणी की कृषि उपज मंडी में किसानों की सरसों की जांच अब हाईस्पीड से हो सकेगी। यहां नई तकनीकयुक्त ऑयल टेस्टिंग मशीन लगाई जाएगी। इसके लिए ऑनलाइन निविदा जारी हो गई है। दरअसल, तेल की मात्रा व गुणवत्ता जांच के लिए यहां एक ऑयल टेस्टिंग मशीन लगी है, जो 14 जुलाई 2014 को स्थापित की गई थी। इसकी कीमत 12 लाख 40 हजार रुपए है, जबकि नई तकनीक की ऑयल टेस्टिंग मशीन के 16 लाख रुपए के ऑनलाइन टेण्डर जारी हुए है। नई तकनीकी ऑयल टेस्टिंग लैब मशीन ऑनलाइन ई-नाम कार्यप्रणाली वाले शहरों में लगाई जाएगी। क्षेत्र में लगातार बढ़ती सरसों की पैदावार के बाद सीजन में अच्छी आवक से मिलने वाले टैक्स के दम पर मंडी आमदनी के मामले में प्रदेश की अव्वल मंडियों में शुमार है। ई-नाम कार्यप्रणाली के चलते गंगापुरसिटी में भी ऑयल टेस्टिंग मशीन लगाई जाएगी।