
मुरलीपुरा थाना पुलिस ने सीकर रोड पर स्थित करोड़ों के भूखण्ड के फर्जी दस्तावेज बनाकर बेचने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी दो साल से पुलिस गिरफ्त से दूर थे जिनको विशेष टीम द्वारा कड़े प्रयासों के बाद दस्तयाब किया गया। गिरोह ने बेशकीमती भूखण्ड के दौसा में फर्जी दस्तावेज बनाए थे।
डीसीपी (पश्चिम) हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी प्रकाश दाधीच आमेट राजसमंद और बद्री गुर्जर दूदू का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि बनीपार्क निवासी सज्जन कुमार अग्रवाल ने थाने में मामला दर्ज करवाया। इसमें बताया कि भूखण्ड संख्या 58 के कूटरचित इकरारनामा, मुख्तयारनामा, वसीयतनामा 28 दिसंबर 2014 को बनाए गए है। पुलिस ने मामला दर्ज कर एडिशनल डीसीपी आलोक सिंघल और थानाप्रभारी वीरेन्द्र कुरील के नेतृत्व में टीम गठित की। टीम ने पड़ताल की तो सामने आया कि भूखण्ड संख्या 58 ग्राम कूकरखेड़ा की भूमि खसरा नम्बर 52 व 53 जयपुर सीकर रोड पर विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र की रोड संख्या 2 के सामने बेशकीमती भूखण्ड 1027 वर्ग गज है। जिसके इकरारनामा, मुख्तयारनामा, वसीयतनामा तीनों ही फर्जी बनाकर गिरोह के द्वारा बद्री गुर्जर के नाम से बनवाकर गिरोह के दूसरे सदस्य प्रकाश दाधीच के नाम कर भूखण्ड को आगे पांच छह लोगों को अलग अलग बेचना पाया गया। जिसकी वजह से पीड़ित के पास खरीददारों एवं तस्दीक करने वालों के फोन आने शुरू हो गई। इस पर पीड़ित ने थाने में मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने पड़ताल करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया है
Updated on:
26 Jul 2025, 8:16 PM IST
Published on:
26 Jul 2025, 8:16 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.