24 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur: जिस जेल से सीएम को मिली थी धमकी, अब उसी जेल से दीवार फांदकर भागे दो कैदी; मचा हड़कंप

Jaipur Central Jail: जयपुर सेंट्रल जेल से आज 2 कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। जेल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी।
2 min read
Google source verification
Jaipur-Central-Jail

जयपुर सेंट्रल जेल। फोटो: पत्रिका

जयपुर। जयपुर सेंट्रल जेल की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे है। जयपुर सेंट्रल जेल से आज 2 कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। कैदी फरार होने की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।

जेल प्रशासन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों कैदी जेल के अंदर लगे रबर पाइप के सहारे दीवार फांदकर भागने में सफल हो गए।

जयपुर सेंट्रल जेल से दो कैदियों के भागने पर एडीजी (जेल) रूपेंद्र सिंह ने कहा कि एक कैदी करौली जिलों का और दूसरा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। यह घटना शनिवार सुबह करीब 3 बजे हुई। कैदी जेल के बाथरूम से मुख्य दीवार फांदकर भाग गए। उन्होंने बताया कि जेल प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही सही जानकारी मिल पाएगी।

फरार कैदियों की हुई पहचान

अनस कुमार पुत्र नफिश खान मूल रूप से तालावाली बगिया फ़िरोज़ाबाद उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वर्तमान में वह मुन्नी बाई का मकान सेक्टर 35 प्रताप नगर मालपुरा गेट जयपुर में रहता था। वह चोरी के मामले में 15 सितंबर से जेल में बंद था।

वहीं, नवल किशोर महावर पुत्र सोहन लाल करौली जिले का रहने वाला है। चोरी के मामले में सांगानेर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था। कैदी 17 सितंबर से जेल में था। पुलिस अब जेल से फरार कैदियों की तलाश में जुटी हुई है।

जेल में रील बनाने का मामला भी आया था सामने

बता दें कि जयपुर सेंट्रल जेल में सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार सवाल खड़े हो रहे है। हाल ही में जयपुर सेंट्रल जेल से हत्या के आरोपी बंदियों ने इंस्टाग्राम पर धमकी भरी रील अपलोड की थी।

इसी जेल से सीएम को मिली थी धमकी

गौरतलब है कि इसी जेल से दो बार मुख्यमंत्री भजनलाल को धमकी मिली चुकी है। जेल में बंद कैदी ने मोबाइल से मुख्यमंत्री भजनलाल को धमकाया था। अब जेल से कैदी भागने की खबर के बाद जेलकर्मियों के काम को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे है।