
Weather Update : राजस्थान में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर दिखने लगा है। शनिवार सुबह से प्रदेश के कई जिलों में कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग का नया अपडेट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने 15 जिलों के लिए Yellow Alert जारी किया है। इसके तहत 60 मिनट में राजस्थान के 15 जिलों में मेघगर्जन के संग बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के जिन जिलों के लिए नया अलर्ट जारी किया गया है, उनमें जयपुर, जयपुर शहर, दौसा, अलवर, करौली, अजमेर, सवाई माधोपुर, टोंक, सीकर, नागौर, झुंझुनू, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, भरतपुर शामिल हैं। इन जिलों में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी और हल्की वर्षा होने की संभावना है।
राजस्थान के गुलाबी नगर जयपुर में सुबह से ठंडी और बर्फीली हवाएं चल रहीं थी। कोहरा अपने पूरे शबाब पर था। लोग कंपा रहे थे। जयपुर में अचानक मौसम बदल गया। पश्चिमी विक्षोभ ने अपना असर दिखाया। सुबह 10 बजे के करीब जयपुर के कई इलाके में बारिश शुरू हो गई। झमाझम बारिश से जनजीवन थमा सा गया। कड़ाके की सर्दी से जयपुर की जनता पस्त हो गई। सर्दी की ठंड की वजह से लोग अलाव जलाकर हाथ तपा रहे है। इस बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे।
मौसम विज्ञानियों का कहना है कि राजस्थान में 12 जनवरी को मौसम शुष्क रहने तथा हल्की बारिश और घना कोहरा छाने की संभावना है। मौसम विभाग ने जनता को सलाह दी है कि मेघगर्जन के साथ सुरक्षित स्थान पर शरण लें। पेड़ों के नीचे शरण किसी भी हालात में न लें। मौसम सामान्य होने की प्रतीक्षा करें।
Updated on:
11 Jan 2025, 5:55 PM IST
Published on:
11 Jan 2025, 5:53 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.