
Murder News :राजस्थान में महिला की गला काटकर हत्या, बेटियों को मारे चाकू
जयपुर। जोधपुर ग्रामीण जिले के बिलाड़ा थानान्तर्गत लाम्बा गांव के एक मकान में चोरी करने घुसे युवकों का विरोध करना एक महिला के लिए जानलेवा साबित हो गया। दो युवकों ने चाकू से अंधाधुंध कई बार किए। जिससे एक महिला की मौत और उसकी दो मासूम बेटियां गंभीर घायल हो गई। मौके से फरार हत्यारों के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
वृताधिकारी (बिलाड़ा) राजवीरसिंह ने बताया कि लाम्बा गांव निवासी महेंद्र बिश्नोई ट्रक चालक है। जो ट्रक लेकर मजदूरी पर गया हुआ था। उसकी मां किसी शादी समारोह में गई। पुत्रवधू अंजू और उसकी दो बेटियां ही घर पर थी। जो ताले लगाकर सो गई। मध्य रात्रि में दो युवक मकान में घुसे और चोरी करने लगे। आवाज होने पर अंजू की आंख खुली तो उसने दोनों चोरों को देखा और चिल्लाने लगी। उसने चोरों का प्रतिरोध किया। इस दौरान महिला की दोनों बेटियां भी जाग गई और वह भी चिल्लाने लगी। दोनों युवकों ने चाकू से महिला पर वार करने शुरू कर दिए। गर्दन व शरीर के अन्य भागों पर ताबड़तोड़ कई बार किए। बेटियों ने विरोध किया तो हमलावरों ने उन पर भी चाकू मारे। गर्दन पर चाकू के वार से महिला लहुलुहान हो गई और उसकी मौके पर मौत हो गई। जबकि बेटियां घायल है जिन्हें बिलाड़ा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया।
वारदात का पता लगने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवाब खान सीओ राजवीर सिंह बिलाड़ा थाना अधिकारी मौके पर पहुंचे। एफएसएल व एम ओ बी पी वारदात स्थल पहुंची और साक्ष्य जुटाए जांच के बाद महिला का शव बिलाड़ा की मोर्चरी भिजवा दिया गया।
पुलिस का कहना है कि वारदात में दो युवक शामिल थे जो चोरी करने मकान में घुसे, लेकिन महिला के विरोध करने पर चाकुओं से हमला कर दिया। पुलिस को दोनों हत्यारों के महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
Updated on:
24 Dec 2023, 11:47 AM IST
Published on:
24 Dec 2023, 11:37 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.