अधिक मुनाफे की लालच में खनन मजदूरों का जीवन सिलिकोसिस जैसी गम्भीर बीमारी की गिरफ्त में डालने वालों से अब सख्ती से निपटा जाएगा। खान विभाग ने सैण्ड स्टोन के खनन कार्य में वेट ड्रिल पद्वति का उपयोग सही ढंग से नहीं करने की शिकायत पर गम्भीर होते हुए ऐसे खानों का निरीक्षण करने का अधिकार अब पटवारी, ग्राम सेवक से लेकर पीएचसी के चिकित्सा अधिकारियों को भी दिया है।
मुख्य सचिव सी.एस.राजन ने इस सम्बंध में स्पष्ट किया है कि राज्य के वे जिले जहां सेण्डस्टोन का खनन कार्य विशेष रूप से किया जा रहा है, वहां खनन कार्य के दौरान वेट ड्रिलिंग पद्वति को अपनाने के लिए पाबंद किया गया था। इसके बाद भी खनन कार्य में वेट ड्रिलिंग पद्वति को नहीं अपनाने की शिकायतें निरंतर सरकार को मिल रही है। इसे गम्भीरता से लेते हुए अब पटवारी स्तर के फील्ड अधिकारी/ कर्मचारी, पंचायती राज विभाग के ग्राम सेवक से लेकर चिकित्सा अधिकारी को खानों में वेट ड्रिल पद्वति का उपयोग हो रहा है या नहीं इसकी जांच करने के लिए अधिकृत किया है। इन अधिकारियों तथा कर्मचारियों की ओर से ऐसे खानों का निरीक्षण करने के बाद सौंपी जाने वाली रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में यहां है सैण्ड स्टोन
जिले के रूपवास उपखण्ड के कई स्थानों सैण्ड स्टोन का खनन कार्य विशेष रूप से किया जाता है। इस क्षेत्र में सेण्ड स्टोन की करीब 50 खानें हैं। खनिज विभाग की माने तो इनमें से करीब 50 फीसदी खानें अभी बंद हैं। वर्तमान में करीब 2500 से 3000 मजदूर खनन कार्य से जुड़े हुए हैं।
ऐसे होता है सिलिकोसिस
खान में काम करने के दौरान श्रमिकों में सिलिकोसिस, सिलिकायुक्त धूल के महीन कणों के श्वास के द्वारा फेफड़ों में जाने के कारण यह बीमारी पैदा होती है।
यह है वेट ड्रिल पद्वति
इससे बचाव के लिए खान विभाग ने वेट ड्रिल पद्वति को अपनाने पर जोर दिया गया। इस पद्वति से पत्थर का खनन करने के दौरान पानी चलता रहता है, जिससे धूल के कण नहीं उड़ते और श्रमिकों के स्वास्थ्य पर नुकसान नहीं पहुंचता है।
वेट ड्रिल पर नहीं है गम्भीरता
जिले में सैण्ड स्टोन के खानों में खनन कार्य के दौरान वेट ड्रिलिंग पद्वति का उपयोग करीब न के बराबर होता है। अधिकांश जगह मनमाने तरीके से पत्थरों का खनन किया जाता है। विभागीय दावा है कि वेट ड्रिलिंग पद्वति से खनन कार्य किया जा रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है।
विभाग को नहीं मालुम कितने हैं मरीज
खनिज विभाग के अधिकारियों की मानें तो जिले में सिलिकोसिस बीमारी के कितने मरीज हैं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि इसकी जानकारी के लिए चिकित्सा विभाग को करीब दो-तीन माह पहले पत्र लिखा गया, लेकिन उसका अभी तक जवाब नहीं आया है।
ये विशेष निर्देश भी दिए
- वेट ड्रिलिंग एवं सुरक्षा मास्क के उपयोग के निरीक्षण के लिए जिला कलक्टर किसी एडीएम स्तर के अधिकारी को जिले का निरीक्षण पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त करेंगे।
- निरीक्षण के लिए खानों की संख्या एवं ग्राम का नाम उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी एमई, एएमई की होगी।
- निरीक्षण पर्यवेक्षण अधिकारी ऐसे प्रत्येक पंचायत क्षेत्र में कार्यरत पटवारी, पीएचसी के प्रभारी, ग्राम सेवक को अधिकृत कर निरीक्षण के लिए खानों की संख्या आवंटित करेंगे।
- निरीक्षण कर्ता द्वारा दी गई रिपोर्ट पर एएमई, एमई द्वारा की गई कार्रवाई की मासिक रिपोर्ट प्रकरणवार खान एवं भू-विज्ञान विभाग उदयपुर को भेजेंगे।
- निदेशक खान एवं भू-विज्ञान विभाग द्वारा एक माह में कम से कम 10, अतिरिक्त निदेशक द्वारा 15, अधिक्षण अभियंता द्वारा 30 एवं एमई, एएमई द्वारा 45 खानों का हर माह निरीक्षण कर कार्रवाई करनी होगी।
-सिलिकोसिस बीमारी से बचाव के लिए खान विभाग के स्तर पर जो भी निर्देश जारी हुए हैं, उसकी पूर्ण रूप से पालना कराई जाएगी।
- ओ.पी.जैन, एडीएम प्रशासन, भरतपुर।
- वेट ड्रिलिंग पद्वति के जरिए पत्थर निकालने को लेकर हिदायत दी हुई है। इसकी पालना भी होती है। सिलिकोसिस रोगियों की संख्या जानने के लिए करीब दो-तीन माह पहले चिकित्सा विभाग को पत्र लिखा था, अभी तक जवाब नहीं मिला है।
- तेजपाल गुप्ता, एएमई, रूपवास।