
आबादी भूमि से अतिक्रमण हटाने का कार्य हुआ शुरू
जैसलमेर . लाठी ग्राम पंचायत में आबादी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने का कार्य रविवार को शुरू किया गया। गौरतलब है कि गांव में आबादी भूमि पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने के लिए ग्राम पंचायत की ओर से नोटिस जारी किए गए थे। रविवार सुबह क्षेत्रीय विधायक शैतानसिंह राठौड़, सरपंच ललिता पालीवाल, उपसरपंच अनीताकंवर, पुलिस उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी, तहसीलदार रामसिंह, थानाधिकारी राजूराम सीरवी, विकास अधिकारी नारायण सुथार गांव के खसरा संख्या 46/212 पहुंचे। यहां तीन जेसीबी व तीन ट्रैक्टर ट्रोलियों सहित कार्मिकों की ओर से अतिक्रमण हटाने का कार्य शुरू किया गया। रविवार को दिन भर कार्रवाई कर 150 बीघा भूमि को अतिक्रमणमुक्त किया गया। यह अभियान सोमवार को भी जारी रहेगा तथा आबादी भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए जाएंगे।
जीने का मार्गदर्शन देता है रामचरित्रमानस : रामरसायन
पोकरण. रामस्नेही संत रामरसायन महाराज ने कहा कि रामचरित्रमानस एक ऐसा ग्रंथ है, जो व्यक्ति को सामाजिक, पारिवारिक, धार्मिक मर्यादाओं के साथ जीने का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने चातुर्मास के दौरान स्थानीय भवानीप्रोल स्थित रामद्वारा में रविवार को प्रवचन करते हुए कहा कि संत तुलसीदास महाराज ने मर्यादा पुरुषोतम भगवान श्रीराम के जीवन पर रामचरित्रमानस नाम से महाकाव्य ग्रंथ की रचना की, जो लोगों को सही मार्ग पर चलने का संदेश देता है। उनकी ओर से सरल भाषा में लोकोक्तियों, कथा कहानियों के माध्यम से प्रवचन कर श्रद्धालुओं को जीवन में सद्कर्म करने, ईश्वर का भजन करने, मोह माया, ईष्र्या से दूर रहकर अपने जीवन को सफल बनाने का संदेश दिया जा रहा है।
नगरपरिषद के बाहर धरना 14 वें दिन भी जारी
जैसलमेर. हरिजन (वाल्मीकि) समाज सेवा एवं विकास संस्थान जैसलमेर की ओर से नगरपरिषद कार्यालय के बाहर दिया जा रहा धरना रविवार को 14 वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान संस्थान के कार्यकर्ता व वाल्मीकि समाज के युवा बेरोजगार पुरुष व महिलाएं उपस्थित रहे। संस्थान के सचिव ने बताया कि धरना पूर्णतया शांतिपूर्व तरीके से दिया जा रहा है। रविवार को विजय कुमार, ज्योतिष, राकेश बारासा, प्रेम बारासा, गंगाराम, चम्पालाल, लक्ष्मण बारासा, लीला देवी, अनिता, लता, मंजू, छोटा देवी, सीमा, राधादेवी आदि मौजूद थे।
Published on:
30 Jul 2018 07:50 pm
