6 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

अक्षय कुमार ने जैसलमेर को किया बाय,फौजी के परिवार के साथ खुद ने ली सेल्फी

-प्रशंसक एक झलक पाने को दिखे बेताब
2 min read
Google source verification
jaisalmer

अक्षय कुमार ने जैसलमेर को किया बाय,फौजी के परिवार के साथ खुद ने ली सेल्फी

जैसलमेर. बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार जैसलमेर में ‘हाउसफुल-4’ की शूटिंग के करीब एक महीने के लम्बे शेड्यूल को निपटाकर जैसलमेर से चार्टर विमान के जरिए मुम्बई रवाना हो गए। उनके साथ फिल्म के निर्देशक साजिद खान, सह अभिनेता चंकी पांडे और अभिनेत्री कृति शेनन ने भी जैसलमेर के सिविल एयरपोर्ट से चार्टर में उड़ान भरी। जैसलमेर से रवाना होने की खबर मिलने पर अक्षय कुमार के प्रशंसक बड़ी संख्या में सम मार्ग स्थित होटल तथा एयरपोर्ट पहुंच गए थे। अक्षय कुमार अपराह्न बाद जब सम मार्ग स्थित होटल से ऑडी कार में बैठ कर बाहर निकले तब वहां उनका इंतजार कर रहे युवा प्रशंसकों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया। ड्राइविंग सीट पर बैठे अक्षय कुमार ने भी उन्हें निराश नहीं किया और इत्मीनान के साथ फोटो खिंचवाने के लिए रुक गए। इतने में एक वर्दीधारी सैन्यकर्मी उन्हें परिवार के साथ नजर आया। उसे देखकर अक्षय कुमार ने उन्हें पास बुलाया। जब सैन्यकर्मी का बच्चा मोबाइल से सेल्फी लेने में विफल रहा तो अक्षय कुमार ने खुद उसका मोबाइल लेकर अपने साथ उनकी सेल्फी लेकर मोबाइल लौटाया। सैनिक के परिवार के साथ अक्षय कुमार ने पंजाबी में कुछ बातचीत भी की। इसी तरह से एयरपोर्ट पर उन्होंने बच्चों को देखकर रुक कर फोटो खिंचवाए। हालांकि मीडिया प्रतिनिधियों को देखकर वे किसी से भी मिले बिना तेजी से भीतर चले गए।

चंकी पांडे ने कहा, परिवार के साथ आऊंगा जैसलमेर
अक्षय कुमार व अन्य के साथ जैसलमेर सिविल एयरपोर्टपर अभिनेता चंकी पांडे के साथ भी प्रशंसकों ने खूब फोटो खिंचवाए। चंकी ने इस मौके पर मीडिया से बातचीत में जैसलमेर को बेहद खूबसूरत शहर बताते हुए कहा कि यहां उन्हें लोगों का बहुत प्यार मिला। वे भविष्य में अपने परिवार को साथ लेकर जैसलमेर घूमने आएंगे।

दिखाई फिल्म, दिया जागरुकता का संदेश
जैसलमेर. स्थानीय मालण बाल मंदिर विद्यालय में प्रबंधन व पार्षद पर्वतसिंह के सौजन्य से शहीद पूनमसिंह फिल्म का प्रसारण किया गया। निर्माता व निर्देशक सवाई कुमार बिस्सा ने बताया कि तीन दिनों तक सूली डूंगर, वार्ड संख्या ३३ व मालण बाल मंदिर में फिल्म का प्रसारण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। राजेन्द्र भार्गव, सवाई भार्गव, लक्ष्मण भार्गव, हड़वन्तसिंह, जीतूसिंह ने सहयोग दिया। सत्यनारायण बिस्सा ने बाल विवाह, दहेज प्रथा के बारे में लोगों को जागरूक किया। पार्षद खातु ने महिलाओं को जागरूक रहने की बात कही।