12 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: चहुंओर गूंज रहे बाबा के जयकारे… महानगर बना रुणीचा

रामदेवरा. लोकदेवता बाबा रामदेव की समाधि पर 642वां भादवा मेला रविवार तड़के पंचामृत अभिषेक के साथ शुरू होगा। देशभर से लाखों श्रद्धालु रामदेवरा पहुंचेंगे, समाधि स्थल पर 24 घंटे दर्शन की व्यवस्था रहेगी। मंगला आरती, स्वर्ण मुकुट प्रतिष्ठापन के साथ सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
2 min read
Google source verification
baba ramdevra mela

पोकरण. श्रद्धालुओं, पदयात्रियों व वाहनों से अटी रामदेवरा रोड। पत्रिका

पोकरण उपखंड मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर उत्तर की तरफ विख्यात गांव रामदेवरा स्थित है। यहां लोकदेवता बाबा रामदेव की समाधि पर 642वां भादवा मेला रविवार को भादवा माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया को तड़के शुरू होगा, जो आगामी 22 सितंबर भादवा माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तक चलेगा। इस दौरान देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालु यहां पहुंचेंगे। यहां आने वाले लाखों जातरु विभिन्न साधनों एवं पदयात्रा कर यहां पहुंचते है और बाबा की समाधि के दर्शनकर अपनी मनोकामना पूर्ण करने के लिए श्रद्धा सहित आराधना करते है। रविवार को तड़के 3 बजे समाधि पर पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। साथ ही समाधि के शिखर पर ध्वज चढ़ाया जाएगा। इसके बाद सुबह 8 बजे मंगला आरती कर समाधि पर स्वर्ण मुकुट चढ़ाया जाएगा। आम दिनों में बाबा रामदेव की समाधि पर दर्शनों के लिए 18 से 20 घंटे की व्यवस्था रहती है। जबकि भादवा मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर समाधि स्थल को 24 घंटे खुला रखा जाता है। रविवार को तड़के 3 बजे पूजा-अर्चना और पंचामृत से अभिषेक के साथ समाधि परिसर का मुख्य द्वार खोल दिया जाएगा और दर्शन शुरू हो जाएंगे, जो लगातार जारी रहेंगे। समाधि स्थल को 24 घंटे खुला रखा जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग कम समय में दर्शन कर सके। समाधि स्थल के बाहर कतार में खड़े श्रद्धालुओं को एक साथ 8 कतारों में दर्शन करवाने की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा समाधि परिसर व दर्शनार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रत्येक श्रद्धालु की मुख्य द्वार पर लगे मैटल डिटेक्टर गेट से जांच की जा रही है। रामसरोवर पर पुलिस चौकी, स्वास्थ्य चौकी लगाने के साथ एसडीआरएफ के तैराकों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा व राहत मिल सके।

लगी तीन किलोमीटर लंबी कतारें

बाबा रामदेव के जन्म अवतरण की पूर्व संध्या पर शनिवार को लाखों श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। शनिवार को भादवा माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा के मौके पर 2 से 3 किलोमीटर लम्बी कतार में खड़े श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि के दर्शन किए। लंबी कतारों में 3 से 4 घंटे तक इंतजार कर श्रद्धालु बाबा की समाधि के दर्शन कर रहे है। एक अनुमान के अनुसार गत एक माह में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा की समाधि के दर्शन किए है।

देर रात कतारों में लग गए श्रद्धालु

भादवा माह के शुक्ल पक्ष की द्वितीया पर शनिवार की मध्यरात्रि बाद 12 बजे बाबा रामदेव की समाधि परिसर के द्वार बंद कर दिए गए, ताकि समाधि परिसर में सफाई की जा सके। इससे पूर्व ही रात 11 बजे ही लाइनों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमडऩे लगी। सैकड़ों श्रद्धालु बाबा रामदेव की समाधि पर होने वाले अभिषेक व आरती के दर्शनों के इंतजार में कतारों में विश्राम करते नजर आए।