
'लोक स्वास्थ्य रक्षा के सभी सूत्रों एवं सावधानियों का पूरा-पूरा पालन करे'
जैसलमेर. आगामी पर्व-त्योहारों तथा अन्य मांगलिक आयोजनों के मद्देनजर शांति समिति की बैठक जैसलमेर जिला कलक्ट्री सभा कक्ष में जिला कलक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सम्पन्न हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह, अतिरिक्त जिला कलक्टर ओपी विश्नोई, पुलिस उप अधीक्षक भवानीसिंह तथा विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों आदि ने हिस्सा लिया।
इस दौरान सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने सहमति जाहिर की और संकल्प लिया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सरकार की ओर से जारी गाइड लाइन के अनुरूप सभी प्रकार की सावधानियों का पूरा-पूरा पालन सुनिश्चित करेंगे व कराएंगे और कोरोना से बचाव के लिए जारी जन आन्दोलन में भागीदारी निभाते हुए व्यापक लोक जागरण में सहभागिता निभाएंगे। जिला कलक्टर आशीष मोदी ने आगामी पर्व.त्योहारों तथा उत्सवी आयोजनों को देखते हुए कोरोना संक्रमण की गाईड लाईन के अनुरूप गतिविधियों का संचालन करने के निर्देश दिए और सभी से कहा कि इनका पूरा.पूरा अनुपालन करें।
पटाखों पर रहेगा प्रतिबंध
जिला कलक्टर ने कोरोना संक्रमण पर प्रभावी अंकुश की दृष्टि से सरकार की ओर से पटाखों पर प्रतिबंध की जानकारी देते हुए कहा कि इस बारे में भी जनजागरुकता लाएं। जिला कलक्टर ने बताया कि वायु प्रदूषण से फेफड़ों के संक्रमण की संभावनाएं काफी हद तक बढ़ जाती हैं और इससे कोरोना का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में पर्व व त्योहारों को शालीनता और लोक स्वास्थ्य रक्षा के सूत्रों के साथ मनाएं। जिला कलक्टर ने सरकार द्वारा शुरू किए जाने वाले शुद्ध के लिए युद्ध अभियान का जिक्र किया और इसमें मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान के प्रति चेतना जगाने का आह्वान करते हुए बताया कि मिलावटखोरों के बारे में सूचनाएं देने पर सरकार की ओर से निर्धारित नियमों में 51 हजार रुपए राशि तक का प्रोत्साहन पुरस्कार दिया जाएगा।
समारोह या शादियों में भीड़ हो तो सूचना दें
पुलिस अधीक्षक डॉ. अजयसिंह ने कोरोना संक्रमण को रोकने तथा जन-जन की सेहत रक्षा के लिए सावधानियों का पालन करने का आह्वान किया और कहा कि जिले में कहीं भी समारोहों या शादियों आदि में निर्धारित संख्या से अधिक भीड़ होने या अन्य किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत हो, पुलिस कंट्रोल रूम पर तत्काल अवगत कराएं। इन पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा किए गए प्रबन्धों पर जानकारी दी। अतिरिक्त जिला कलक्टर ओपी विश्नोई ने शांति समिति की बैठक के संभागियों का स्वागत करते हुए सरकार द्वारा जारी दिशा.निर्देशों की जानकारी दी। विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने अहम् सुझाव दिए।
Published on:
26 Oct 2020 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
