5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व आज से,ग्राहकों को रिझाने के लिए इस तरह कर रहे जतन

दीपावली की तैयारियां जोरों पर- सजने लगी दुकानें
2 min read
Google source verification
jaisalmer

पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व आज से,ग्राहकों को रिझाने के लिए इस तरह कर रहे जतन

पोकरण. क्षेत्र में सोमवार से शुरू होने वाले दीपावली के पांच दिवसीय त्यौहार को लेकर कस्बे सहित आसपास के क्षेत्र में तैयारियां जोरों पर चल रही है। लोग अपने घरों की सफाई, रंगाई, पुताई कर आकर्षक रूप से सजावट में लगे हुए है। इसके अलावा दुकानदार अपनी दुकानों में विक्रय के लिए नई-नई सामग्री सजाकर ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करने में लगे हुए है। कस्बे के सदर बाजार, फोर्ट रोड व व्यास सर्किल सहित मुख्य बाजारों में फर्नीचर, इलेक्ट्रोनिक सामान, सोने, चांदी, बर्तन, दुपहिया वाहन आदि की दुकानें सजने लगी है तथा जयनारायण व्यास सर्किल व राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित होटलों पर भी आकर्षक रोशनी कर उन्हें सजाया गया है। दुकानदार व कंपनियां आकर्षक इनामी योजना चलाकर अपने उत्पाद को बेचने का प्रयास कर रही है। इसी प्रकार गली मोहल्लों व मुख्य चौराहों पर पटाखों की भी दुकानें सजी हुई है। यहां ग्राहकों की भी चहल पहल देखने को मिल रही है।
नगरपालिका करवा रही सफाई
कस्बे में दीपावली के त्यौहार को देखते हुए नगरपालिका की ओर से रोड लाइटों को दुरस्त कर रोशनी व्यवस्था को सुधारने का कार्य किया गया है। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी जोधाराम विश्रोई ने बताया कि कस्बे के मुख्य चौराहे जयनारायण व्यास सर्किल, रेलवे स्टेशन, गांधी चौक, स्टेशन रोड, बस स्टैण्ड पर लगी हाई मास्ट लाइटों को ठीक करवाकर रोशनी व्यवस्था को सुचारु किया गया। इसके अलावा कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में सफाई व्यवस्था को भी अतिरिक्त सफाई कर्मचारी लगाए गए है। इसी प्रकार व्यास सर्किल से सुभाष चौक तक गत लम्बे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी डामर सडक़ का डामरीकरण कर नई सडक़ का निर्माण किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था रहेगी चाक चौबंद
पुलिस की ओर से दीपावली के त्यौहार को देखते हुए गश्त बढाई गई है। थानाधिकारी सुखराम विश्रोई ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढाई गई है तथा प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि दीपावली के त्यौहार पर पूरी तरह से कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए प्रयास किए जा रहे है। भीड़ भाड़ भरे क्षेत्रों में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे है। इसके अलावा पुलिसकर्मी राउण्ड-द-क्लॉक अलग-अलग जगहों पर गश्त कर रहे है। उन्होंने बताया कि कस्बे के भीड़ भाड़ भरे स्थलों पर यातायात पुलिसकर्मी तैनात कर यातायात व्यवस्था सुचारु करने का कार्य किया जा रहा है।
बिक रहे है मिट्टी के दीपक, प्रतिमाएं व खिलौने
कस्बे में स्थानीय कुंभकार समाज की ओर से लाल मिट्टी से दीपक, गणेश, लक्ष्मी, सरस्वती व अन्य देवी देवताओं की प्रतिमाएं तथा मिट्टी के गुल्लक व खिलौने बनाए जाते है। कस्बे में आज भी मिट्टी के दीपक व आकर्षक प्रतिमाओं व मिट्टी से निर्मित अन्य आईटम्स की मांग के चलते कुम्हार समाज के लोग हाथ ठेलों पर इन वस्तुओं को भी सजाकर घूम-घूमकर बेचने का कार्य करते है। कस्बे के मुख्य बाजारों, मुख्य मार्गों पर हाथ ठेलों पर सजे इस तरह के मिट्टी से हस्तनिर्मित दीपक, प्रतिमाएं व खिलौने भी स्थानीय लोगों के लिए आकर्षण का केन्द्र बने हुए है तथा लोग इनकी जमकर खरीदारी कर रहे है। होटलें हुई रोशनी से गुलजार
दीपावली के त्यौहार को देखते हुए कस्बे के जयनारायण व्यास सर्किल, फोर्ट रोड़ व जैसलमेर-जोधपुर रोड़ पर पटाखों की दुकानें सजने लगी है। इसके अलावा इलेक्ट्रोनिक सामान फ्रीज, टीवी, वाशिंग मशीन, फर्नीचर पलंग, सोफासेट, टेबल, कुर्सियोंं आदि की भी दुकानें जगह-जगह सजने लगी है। जिससे कस्बे में दीपावली की रौनक दिखाई दे रही है। इसी प्रकार कस्बे के मुख्य मार्गों पर स्थित छोटी बड़ी होटलों को भी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है, जो स्थानीय लोगों व देशी विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।