
Jaisalmer news
पोकरण. कस्बे के कुम्हारों की प्रोल से खींवज माता मंदिर जाने वाले मार्ग पर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केके बास के सामने जमा कीचड़ से आमजन, वार्डवासियों, राहगीरों व वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा यहां स्थित विद्यालय के छात्र-छात्राओं को विद्यालय में प्रवेश में परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि वार्ड संख्या 15 में गत वर्ष नगरपालिका की ओर से खींवज बास व अंबेडकर कॉलोनी से गंदे पानी की निकासी के लिए सीवरेज लाइन लगाई गई थी।सीवरेज लाइन को केके बास विद्यालय के सामने लाकर छोड़ दिया गया तथा उसे आज तक किसी नाले से जोडऩे व उसे पूरा करने को लेकर कोई कवायद नहीं की गई है। ऐसे में पूरे वार्ड का गंदा पानी व मलबा सीवरेज लाइन से होकर राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केके बास के पास जमा हो जाता है। जिससे विद्यालय के सामने करीब 100 मीटर लम्बाई व 50 फीट चौड़ाई में गंदे पानी की झील जमा पड़ी है।
छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी
कुम्हारों की प्रोल से खींवज माता मंदिर जाने वाले मार्ग पर जमा कीचड़ के कारण आमजन का बेहाल हो रहा है। इसके अलावा यहां आसपास निवास कर रहे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। यही नहीं पास ही राउप्रावि विद्यालय भी स्थित है। जिसमें 400 छात्र छात्राएं अध्ययनरत है। इन विद्यार्थियों को भी विद्यालय में प्रवेश व निकलने के दौरान इस कीचड़ के अंदर से होकर गुजरना पड़ता है। कई बार छात्र-छात्राएं इस कीचड़ में गिर जाते है, जिससे उनके कपड़े खराब हो जाते है। यहां जमा कीचड़ व गंदगी बुरी तरह से बदबू मार रही है। ऐसे में मोहल्ले में बीमारियां फैलने का खतरा बढ गया है। आसपास निवास कर रहे लोगों की ओर से सीवरेज लाइन के कार्य को पूर्ण करवाने व गंदे पानी की निकासी के लिए कई बार नगरपालिका को अवगत करवाया गया, लेकिन उनकी ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पूरा करवाया जाएगा निर्माण कार्य
पूर्व में सीवरेज लाइन लगाने के दौरान ठेकेदार की कार्यसीमा समाप्त हो जाने के कारण सीवरेज लाइन का कार्य आधा ही हो पाया है। नए सिरे से पांच दिसम्बर को निविदाएं आमंत्रित की गई है। इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा।
जोधाराम विश्रोई, अधिशासी अधिकारी नगरपालिका, पोकरण।
Published on:
26 Nov 2017, 12:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.