
एक खेत में कार्य करते हुए किसान।
जैसलमेर. कृषि क्षेत्र में नवाचार, उत्कृष्ट कार्य और बेहतर कृषि उद्यमों को प्रोत्साहित करने के लिए आत्मा योजना के तहत वर्ष 2026-27 में श्रेष्ठ किसानों का चयन कर उन्हें राज्य, जिला और पंचायत समिति स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। चयनित किसानों को राज्य स्तर पर 50 हजार रुपये, जिला स्तर पर 25 हजार रुपए और पंचायत समिति स्तर पर 10 हजार रुपए का पुरस्कार मिलेगा।
उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा जितेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले किसानों का चयन उनकी उपलब्धियों, नवाचार और कृषि गतिविधियों के आधार पर किया जाएगा। पंचायत समिति स्तर पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी, जैविक खेती तथा नवाचारी खेती गतिविधियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक किसान का चयन होगा। इस तरह प्रत्येक पंचायत समिति से पांच श्रेष्ठ किसान चुने जाएंगे।
पंचायत समिति स्तर पर चयनित किसानों में से प्रत्येक गतिविधि के दो श्रेष्ठ किसानों का चयन जिला स्तर के लिए किया जाएगा। इस प्रक्रिया में कुल 10 किसानों का जिला स्तर पर चयन होगा। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों से चयनित किसानों में से प्रत्येक गतिविधि के दो श्रेष्ठ किसानों का चयन राज्य स्तर पर किया जाएगा। राज्य स्तर पर कुल 10 उत्कृष्ट किसानों को पुरस्कार दिया जाएगा।
आत्मा योजना का उद्देश्य किसानों को नवीन तकनीक, नवाचार और उन्नत कृषि गतिविधियां अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। श्रेष्ठ किसान पुरस्कार के माध्यम से कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले किसानों को पहचान और सम्मान मिलेगा। ऐसे किसान अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बन सकेंगे। इच्छुक किसान आवेदन के साथ संबंधित गतिविधि के रंगीन फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और जमाबंदी सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे। आवेदन संबंधित सहायक कृषि अधिकारी, कृषि पर्यवेक्षक या संबंधित विभाग के माध्यम से जमा किए जा सकेंगे। आत्मा योजना या किसी अन्य योजना के तहत पूर्व में किसी भी स्तर पर पुरस्कृत किसान वर्ष 2026-27 में श्रेष्ठ किसान पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे।
जैसलमेर . जिले में ग्रामीण सेवा फॉलोअप शिविर-2026 के तहत गुरुवार को चार उपखंड क्षेत्रों की चार ग्राम पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर परसाराम सैनी ने बताया कि गुरुवार को जैसलमेर उपखंड क्षेत्र में धायसर एवं डाबला ग्राम पंचायतों में शिविर लगेंगे। इसी प्रकार, पोकरण उपखंड में ग्राम पंचायत गोमट और भणियांणा उपखंड में ग्राम पंचायत सुभाष नगर में फॉलोअप शिविरों का आयोजन होगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर ने संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्रों के ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंच कर अपनी समस्याओं को प्रस्तुत करें ताकि उनका त्वरित समाधान किया जा सके।
Updated on:
19 Aug 2026 08:48 pm
Published on:
19 Aug 2026 08:48 pm
