
जैसलमेर की इस ढाणी में झोपड़ी में लगी आग,मची अफरा तफरी
मोहनगढ़. कस्बे से लगभग सात किमी दूर जैसलमेर रोड़ पर आई मेहरों की ढाणी में गुरुवार रात्रि को एक रहवासी झोपड़ी में आग लगने के कारण सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। देर रात्रि अचानक से लगी आग के कारणों का पता नहीं चल पाया। आग की घटना को लेकर पीडि़त अली खां पुत्र सुमार खां निवासी मेहरों की ढाणी ने मोहनगढ़ पुलिस थाने में लिखित सूचना देकर कार्रवाई की मांग की। रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार की देर रात्रि अचानक से रहवासी झौंपड़ी में आग लग गई। इस वजह से झौंपड़ी में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया, जिसमें तिल, ग्वार, तारामीरा, ईसब, चारपाई, बिस्तर, बर्तन, खाने पीने का सामान शामिल हैं।
आग से झोंपा व सामान जला
पोकरण. क्षेत्र के माड़वा गांव में बुधवार की रात्रि में अचानक आग लग जाने से एक झोंपा व उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। सूचना के अनुसार बुधवार की रात्रि साढ़े आठ बजे माड़वा स्थित बेलदारों की ढ़ाणी में रतनाराम पुत्र लिछमणराम बेलदार के मकान के पास स्थित एक झोंपे में अचानक आग लग गई। जिसकी जानकारी मिलने पर आस पड़ौस से ग्रामीण एकत्र हुए तथा दो घंटे की मशक्कत कर पानी व रेत डालकर आग पर काबू किया। आग से झोंपा व उसमें रखे बिस्तर, बर्तन, चारपाइयां, करीब 20-25 मण पशुचारा और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया।
जैसलमेर जिले में 5 से 7 दिसम्बर तक सूखा दिवस घोषित
जैसलमेर. विधानसभा आमचुनाव, 2018 के परिप्रेक्ष्य में राज्य सरकार ने राज्य में 5 दिसम्बर को शाम 5 बजे से 7 दिसम्बर को मतदान समाप्ति तक सूखा दिवस घोषित किया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ओम कसेरा ने बताया कि पुनर्मतदान की स्थिति में पुनर्मतदान की घोषणा से मतदान की तिथि को पुनर्मतदान की समाप्ति तक संबंधित मतदान केन्द्र से सम्बन्धित क्षेत्रों में भी सूखा दिवस रहेगा। उनके मुताबिक मतगणना दिवस 11 दिसम्बर को सम्पूर्ण जिले में सूखा दिवस घोषित किया गया है। इस दौरान किसी प्रकार से मदिरा का विक्रय किया जाना, दिया जाना अथवा वितरित किया जाना पूर्णत: निषेध रहेगा।
Published on:
23 Nov 2018 09:48 pm
