
मरम्मत के अभाव में ध्वस्त होने के कगार पर पहुंचे लाखों रुपए के भवन
जैसलमेर/फलसूण्ड. सरकार की ओर से विभिन्न योजनाओं में लाखों रुपए की धनराशि खर्च कर सरकारी भवनों का निर्माण करवा दिया जाता है, लेकिन निर्माण के बाद इनकी समय पर सुध नहीं लिए जाने से भवन देखरेख व सार-संभाल के अभाव में क्षतिग्रस्त होकर ध्वस्त होते जा रहे है। गौरतलब है कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छात्रावास, आंगनबाड़ी केन्द्र व बसस्टैण्ड भवन क्षतिग्रस्त पड़े है। सरकार की ओर से लाखों रुपए की धनराशि खर्च कर फलसूण्ड के खुमाणसर में एससी एसटी छात्रावास, भुर्जगढ में बस स्टैण्ड व पदमपुरा में आंगनबाड़ी केन्द्र भवन निर्माण करवाया गया था। निर्माण के बाद न तो इनकी देखरेख की गई, न ही एक बार भी मरम्मत। ऐसे में भवन जर्जर व खस्ताहाल पड़े है। यहां परिसर में झाडिय़ां लगी हुई है। जिससे यहां लोगों का पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है और सरकार की ओर से खर्च की गई धनराशि का भी कोई उपयोग नहीं हो रहा है। लम्बे समय से लावारिस हालात में पड़े इन भवनों की मरम्मत कर इन्हें उपयोग के लायक नहीं बनाया गया, तो आने वाले दिनों में या तो इन पर अवैध कब्जे कर लिए जाएंगे। अथवा देखरेख के अभाव में भवन ध्वस्त होकर जमींदोज हो जाएंगे तथा सरकार की लाखों रुपए की धनराशि बेकार साबित हो जाएगी।
Published on:
08 Apr 2019 05:40 pm
