
चंद्रशेखर व्यास
जैसलमेर। Seema Haider News: राष्ट्रीय स्तर पर सीमा हैदर का मुद्दा चर्चा का सबब बना हुआ है। वह पाकिस्तानी शादीशुदा महिला है जो अपने चार बच्चों को साथ लेकर तथाकथित तौर पर नेपाल के रास्ते से होकर अवैध रूप से भारत आई और यहां उत्तर प्रदेश के निवासी एक युवक से मोबाइल गेम पब्जी खेलने के दौरान हुए प्रेम का हवाला दे रही है।
भारत-पाकिस्तान की पश्चिमी सीमा के सबसे विशाल भूभाग को अपने आंचल में समेटे सीमांत जैसलमेर जिले के बाशिंदे विशेषकर महिला वर्ग को सीमा हैदर की इस कहानी पर कतई विश्वास नहीं हो रहा। साथ ही भारत के साथ घोषित रूप से शत्रुता का भाव रखने वाले देश की महिला का इस तरह बच्चों को साथ लेकर बिना वैध कागजातों के सीमा पार कर जाना भी हर किसी के गले नहीं उतर रहा।
लोगों का कहना है कि जब भारत की सीमाओं पर इतना कड़ा पहरा होने का दावा किया जाता है कि वहां से बिना अनुमति परिंदा भी पर नहीं मार सकता तो फिर एक महिला कैसे चार बच्चों को साथ लेकर यहां तक पहुंच गई?
'राजस्थान पत्रिका' ने राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित इस विषय पर सीमावर्ती जैसलमेर जिले के शहरी व ग्रामीण अंचलों की महिलाओं के साथ संवाद किया तो लगभग सभी की राय एक जैसी सामने आई। हर किसी की चिंता राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर सबसे ऊपरी पायदान पर है। जिलावासियों में यह चिंता भी बहुत मुखर है कि आखिर सीमा हैदर को इतनी छूट क्यों दी गई कि वह मीडिया से जब-तब मुखातिब होती रही? उसे तुरंत हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई को अंजाम क्यों नहीं दिया गया?
जानिए क्या कहती हैं सीमांत क्षेत्र की महिलाएं
राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि
सीमा हैदर के मामले में देश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उसकी कहानी व्यावहारिक तौर पर भी गले नहीं उतरती। चार बच्चों की माता का इस तरह एक गैर मुल्क के युवक के साथ केवल मोबाइल खेल के माध्यम से इस स्तर का गहरा रिश्ता नैतिक रूप से भी अनुचित ही कहा जाएगा। वैसे इसमें सुरक्षा का मसला ज्यादा बड़ा है। एजेंसियों को पूर्ण सख्ती के साथ हर एंगल से इस मामले की जांच करनी चाहिए।
- अंजना मेघवाल, सदस्य, राज्य महिला आयोग
उसे जेल में होना चाहिए
यह समझ से परे है कि इतने दिनों से सीमा हैदर भारत में रह रही है और उसके खिलाफ कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। यह राजनीति करने का विषय नहीं है। उसके वीडियो बन रहे हैं और वह टीवी पर आ रही है जबकि अब तक तो उसे वापस पाकिस्तान भेज देना चाहिए था अथवा भारत की जेल। इस मामले में त्वरित कार्रवाई की जरूरत है।
- मेघा चेलानी, उद्यमी
समुचित जांच की जरूरत
सीमा हैदर मामले की समुचित जांच करवाए जाने की आवश्यकता है। पाकिस्तान हमारा दुश्मन देश है। वह उसकी किसी तरह की साजिश का हिस्सा भी हो सकती है। हम सीमा क्षेत्र के लोगों को यह चिंता खास तौर पर है कि ऐसे तो कोई भी सीमा के उस पार से जब मन चाहे भारत में पहुंच जाएगा।
- सुधा पुरोहित, शिक्षिका
अनुचित है सीमा का आगमन
सीमा हैदर नामक महिला का पाकिस्तान से आना पूर्ण रूप से अनुचित कदम है। वह हमारे देश में गलत ढंग से आई है। वह कोई जासूस या आतंकी तत्व भी हो सकती है। ऐसे में उसकी जांच होनी चाहिए।
- मंजु देवी माली, गृहिणी
देश की सुरक्षा सर्वोपरी है। सीमा हैदर कौन है... कहां से आई और क्यों आई है? इस तरह के सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न है, जिनको लेकर सुरक्षा एजेंसियों को पूरी जांच पड़ताल करनी चाहिए।
- ललिता रंगा,सामाजिक कार्यकर्ता, रामदेवरा।
Published on:
20 Jul 2023 03:40 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
