
पर्चा भरने के लिए दिन भर रही गहमागहमी
जैसलमेर। स्वर्णनगरी में नगरपरिषद चुनाव को लेकर सियासी पारा शनिवार को उठान पर रहा। शनिवार को रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय परिसर और उसके बाहर का कलेक्ट्रेट परिसर दिनभर चुनावी हलचल, नारेबाजी और समर्थकों के जमावड़े का साक्षी बना। नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया के तहत बड़ी संख्या में विभिन्न वार्डों के प्रत्याशियों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए। कुल मिला कर 50 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा करवाए। वहीं 300 से ज्यादा नामांकन पत्र अब तक लोग लेकर जा चुके हैं।
शनिवार का दिन नामांकन पत्र जमा कराने के लिहाज से बेहद खास रहा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, दोनों ही प्रमुख राजनीतिक दलों के कई उम्मीदवारों ने ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ कलेक्ट्रेट स्थित उपखंड कार्यालय में प्रवेश किया। एक तरफ जहां राष्ट्रीय दलों के प्रत्याशी पार्टी के शीर्ष नेताओं और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ पहुंचकर अपनी जीत का दावा ठोक रहे थे, वहीं दूसरी तरफ बड़ी संख्या में मैदान में उतरे निर्दलीय प्रत्याशियों ने मुख्य दलों के चुनावी गणित को उलझा कर रख दिया है। कई वार्डों में बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की भारी मौजूदगी से मुकाबला बहुकोणीय होने के आसार बन गए हैं। कांग्रेस से 15 और भाजपा से 13 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा करवाए। जबकि अभी तक दोनों पार्टियों की ओर से उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी नहीं की गई है।
नामांकन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर और मुख्य प्रवेश द्वारों पर पुलिस की मौजूदगी रही। केवल प्रत्याशी और उनके साथ सीमित संख्या में समर्थकों को ही कार्यालय के भीतर जाने की अनुमति दी गई। नामांकन प्रक्रिया के इस पड़ाव के बाद अब शहरवासियों की नजरें आगामी चुनावी कार्यक्रम पर टिक गई हैं। नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त को नामांकन का अंतिम दिन रहेगा, ऐसे में बाकी बचे दावेदार अंतिम दिन अपने पर्चे दाखिल करेंगे। दस्तावेजों की जांच 1 सितंबर को की जाएगी। 3 सितंबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसी दिन अंतिम प्रत्याशी सूची के प्रकाशन के साथ निर्दलीय उम्मीदवारों को चुनाव चिह्नों का आवंटन कर दिया जाएगा।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा के पूर्व पार्षद नरसिंह ओड भी परिवार के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे। पार्टी की तरफ से अभी तक टिकट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पूर्व पार्षद के परिवार ने पहले ही तीन अलग-अलग वार्डों से फॉर्म भरकर जमा करा दिए हैं। इनमें नरसिंह ओड ने वार्ड 26, पत्नी मीरा देवी ने वार्ड 25 व पुत्र अमित ओड ने वार्ड 27 से नामांकन दाखिल किया। भाजपा के नगर अध्यक्ष अरुण पुरोहित ने वार्ड संख्या 5 से अपना नामांकन दाखिल किया। वहीं कांग्रेस से पूर्व पार्षद दुगेश आचार्य ने वार्ड 30 और मेघराज सिंह ने वार्ड संख्या 45 से अपना नामांकन दाखिल किया। रविवार को छुट्टी होने के कारण आवेदकों के पास अब केवल सोमवार का दिन ही बचा है, इसलिए सभी अपने अपने पर्चे तैयार करवाने में जुटे हैं। 31 अगस्त के बाद प्राप्त नामांकनों की समीक्षा और छंटनी की जाएगी।
Updated on:
29 Aug 2026 09:15 pm
Published on:
29 Aug 2026 09:15 pm
