29 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan : रामदेवरा रेलवे स्टेशन के बाहर गैस रिसाव से होटल में लगी भीषण आग, दुकानदारों मची अफरा-तफरी

Rajasthan: जैसलमेर के रामदेवरा रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार सुबह एक होटल में गैस सिलेंडर से हुए रिसाव ने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया। आग बुझने के लिए एक घंटे बाद दमकल पहुंची।
2 min read
Google source verification
ramdevra railway station outside hotel gas leak fire shopkeepers panic

Rajasthan : रामदेवरा. रेलवे स्टेशन के बाहर होटल में लगी आग का दृश्य, मौके पर जमा भीड़। फोटो पत्रिका

Rajasthan : जैसलमेर के रामदेवरा रेलवे स्टेशन के बाहर शनिवार सुबह एक होटल में गैस सिलेंडर से हुए रिसाव ने देखते ही देखते आग का रूप ले लिया। होटल के पास जल रही तंदूर भट्टी की आग के संपर्क में आते ही रिसती गैस ने लपट पकड़ ली। कुछ ही पलों में आग तेजी से फैल गई और होटल में रखा सामान धू-धू कर जलने लगा। स्टेशन के पास आग की ऊंची लपटें उठती देख यात्रियों और आस-पास के दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना के समय जैसलमेर के रामदेवरा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही चल रही थी। आग बढ़ती देख आस-पास के लोग होटल की तरफ दौड़े। ग्रामीणों और दुकानदारों ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। लोगों ने जोखिम उठाकर गैस सिलेंडर को भी सुरक्षित स्थान पर हटाने का प्रयास किया। सामूहिक प्रयास से आग पर जल्द नियंत्रण पाया गया और लपटों को आस-पास की दुकानों तक पहुंचने से रोक लिया गया।

कुछ मिनट की देरी बन सकती थी बड़ा हादसा

होटल में आग तेजी से फैलने के कारण अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। हालांकि आग आस-पास की दुकानों तक नहीं पहुंची। मौके पर जुटे लोगों की तत्परता से स्थिति बिगड़ने से पहले काबू पा लिया गया। यदि आग कुछ देर और फैलती तो रेलवे स्टेशन रोड पर कई दुकानों और प्रतिष्ठानों को इसकी चपेट में आने का खतरा था। गनीमत रही कि घटना में किसी व्यक्ति के झुलसने या जनहानि की सूचना नहीं है। आग पर काबू पाने के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

दमकल की देरी ने बढ़ाई चिंता, आग बुझने के बाद पहुंचा वाहन

स्थानीय लोगों के अनुसार आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को तत्काल दी गई थी, लेकिन अग्निशमन वाहन आग बुझने के करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचा। स्थानीय लोगों ने दमकल वाहन के देर से पहुंचने पर नाराजगी जताई।

गौरतलब है कि भादवा मेले के दौरान रामदेवरा में देशभर से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटती है। ऐसे समय रेलवे स्टेशन, बाजार और मेला क्षेत्र में आग जैसी आपात स्थिति सामने आने पर त्वरित राहत व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। शनिवार की घटना ने इसी व्यवस्था की जमीनी स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ली घटनाक्रम की जानकारी

आग की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। विद्युत विभाग के स्थानीय कार्मिक भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग से होटल में रखा अधिकांश सामान जल गया। शनिवार की घटना मेले से पहले प्रशासन के लिए चेतावनी की तरह सामने आई है।

श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़, स्टेशन रोड पर बढ़ती व्यावसायिक गतिविधियों और अस्थायी प्रतिष्ठानों को देखते हुए अग्निशमन व्यवस्था की प्रभावी तैनाती जरूरी है। स्थानीय लोगों ने मेले से पहले दमकल की स्थायी तैनाती, त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम और पर्याप्त अग्निशमन संसाधन सुनिश्चित करने की मांग की है।