28 अगस्त 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: मातम में बदली खुशियां, अनियंत्रित होकर नहर में बाइक गिरने से मामा की मौत

मोहनगढ़ (जैसलमेर)। रक्षाबंधन के पर्व पर नहरी क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। एसबीएस की 85 आरडी के पास बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से 36 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे में उसकी 12 वर्षीय भांजी गंभीर घायल हो गई, जिसका मोहनगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है।
2 min read
Google source verification
accident

मोहनगढ़ - दुर्घटना में घायल बालिका

मोहनगढ़ ( जैसलमेर). रक्षाबंधन के पर्व पर मोहनगढ़ के नहरी क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। पीटीएम थाना क्षेत्र के एसबीएस की 85 आरडी के पास एक बाइक अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। दर्दनाक हादसे में बाइक सवार 36 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी 12 वर्षीय भांजी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार, डिग्गा निवासी पुरखसिंह (36) पुत्र शिवनाथसिंह अपनी भांजी संजू (12) पुत्री गंभीरसिंह निवासी भोजराज की ढाणी के साथ बाइक पर डिग्गा से 113 आरडी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एसबीएस 85 आरडी के समीप उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे नहर में जा गिरी।

हादसे में 12 वर्षीय भांजी गंभीर रूप से घायल

हादसे में पुरखसिंह और संजू दोनों को गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलने पर तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को मोहनगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पुरखसिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल संजू का मोहनगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही पुरखसिंह और संजू के परिजन मोहनगढ़ अस्पताल पहुंच गए। रक्षाबंधन जैसे पावन दिन पर परिवार के सदस्य को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। अस्पताल परिसर में माहौल बेहद गमगीन हो गया। मोहनगढ़ थाना पुलिस भी सूचना पर अस्पताल पहुंची और घटना की प्रारंभिक जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

सुथार मंडी के पास बाइक हादसे में दो युवक गंभीर घायल

मोहनगढ़. नहरी क्षेत्र में सुथार मंडी के पास एक सड़क हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक के सामने अचानक गाय आ जाने से बाइक अनियंत्रित होकर उससे टकरा गई। यह घटना पीटीएम थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, 21 वर्षीय गुरप्रीत सिंह और 22 वर्षीय सुखराम बाइक पर सवार होकर सुथार मंडी से 100 आरडी की तरफ पानी की डिग्गी खोदने जा रहे थे। इसी दौरान सुथार मंडी के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक के सामने अचानक एक गाय आ गई, जिससे बाइक टकरा गई। टक्कर के बाद दोनों युवक सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से चोटिल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मोहनगढ़ अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक गाय के आने से यह हादसा हुआ।