
जिले में हर्षोल्लास से मनाया जाएगा स्वाधीनता दिवस
जैसलमेर. स्वर्णनगरी में राष्ट्रीय पर्व स्वाधीनता दिवस- 15 अगस्त को शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। स्वाधीनता दिवस के उपलक्ष में बुधवार प्रात: 7 से 7:45 बजे तक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ओर से नगर में प्रभात फेरी निकाली जायेगी। अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेन्द्र वर्मा ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह में प्रात: 9:05 बजे मुख्य अतिथि की ओर से शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में ध्वजारोहण किया जाएगा और परेड का निरीक्षण किया जायेगा। इसके साथ ही अतिरिक्त जिला कलक्टर द्वारा महामहिम राज्यपाल का संदेश पठन किया जाएगा। समारोह में नगर में स्थित विभिन्न विद्यालयों के लगभग 1000 छात्र-छात्राओं की ओर से सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन प्रस्तुत किया जाएगा। इसी प्रकार बालचरों एवं गाइड्स की ओर से पिरामिड निर्माण का प्रदर्शन प्रस्तुतीकरण किया जाएगा। आदर्श विद्या मंदिर के विद्यार्थियों की ओर से घोषवादन लेजियम एवं बैण्ड प्रदर्शन किया जाएगा। समारोह में उल्लेखनीय एवं सराहनीय सेवाओं के लिए प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाएंगे, वहीं किशनी देवी मगनीराम मोहता राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं की ओर से सामूहिक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। स्वाधीनता दिवस समारोह की कड़ी में बुधवार को अपरान्ह 4:30 बजे पुलिस लाईन मैदान में जिला प्रषासन व नगरपरिषद के मध्य बालीबॉल मैच का आयोजन होगा। इसके साथ ही बुधवार शाम को 8 बजे शहीद पूनम सिंह स्टेडियम में बाल कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए जाएंगे।
बैैग व पाठ्य पुस्तकों का वितरण
जैसलमेर. अल्पसंख्यक विभाग द्वारा निर्माणाधींन ग्राम सम में छात्रावास बालक एवं बालिकाओं का निरीक्षण जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी डॉं. बीएल मीणा ने किया। बालक छात्रावास में प्रथम तल में रंगाई पुताई एवं अन्य कार्य तथा बालिका छात्रावास में तीन हॉल का प्लॉस्टर का कार्य एवं छत तथा दरवाजों का कार्य अपूर्ण पाया गया, जबकि सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 31 जुलाई 2018 तक पूर्ण कर विभाग को सुपूर्द किया जाना था जो अभी तक अपूर्ण है । इस संबंध मे डॉ.मीणा की ओर से संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि इसे शीघ्र पूरा किया जाए। निम्बा में संचालित मदरसे में अध्ययनरत विद्यार्थियों को राजस्थान मदरसा बोर्ड द्वारा प्राप्त स्कूल बैग तथा पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया गया। इस दौरान विभाग से प्रोग्राम अधिकारी कमल सिंह सोढ़ा व वरिष्ठ सहायक लक्ष्मणराम द्वारा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्राम वासियों का प्रदान की गई।
Published on:
13 Aug 2018 06:38 pm
