
संदिग्ध ड्रोन (फोटो- पत्रिका)
जैसलमेर: भारत-पाक सीमा से सटे क्षेत्रों में एक बार फिर संदिग्ध ड्रोन मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है। रविवार सुबह सम थाना क्षेत्र के लखमनियों की बस्ती के पास एक काले रंग का बड़ा क्वाड-कॉप्टर ड्रोन झाड़ियों में गिरा हुआ मिला।
बता दें कि खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने इसे देखा तो बैटरी की भारी क्षमता देखकर घबरा गए और तुरंत पुलिस व BSF को सूचना दी। ड्रोन की बनावट, उसका आकार और हाई-पावर बैटरी इसे अत्यंत संदिग्ध बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही BSF और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। ड्रोन पर न तो कोई ब्रांडिंग थी, न सीरियल नंबर और न ही कैमरा मॉड्यूल, जो इसे और भी संदेहास्पद बनाता है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह ड्रोन सीमा पार से आया है या फिर किसी स्थानीय स्तर पर चलाए गए मिशन का हिस्सा था।
ड्रोन के पार्ट्स, बैटरी और तकनीकी स्पेसिफिकेशन की बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्रोन में हाई-कैपेसिटी बैटरी लगी थी, जो लंबी उड़ान की क्षमता का संकेत देती है। जांच दल यह भी पता लगा रहा है कि क्या ड्रोन में GPS, कैमरा या कोई डेटा ट्रांसमिशन सिस्टम सक्रिय था।
ग्रामीणों ने बताया कि ड्रोन गिरने की आवाज सुनकर कई लोग मौके पर पहुंचे थे, लेकिन किसी तरह की मानवीय गतिविधि नहीं दिखी। चूंकि यह इलाका भारत-पाक सीमा के बेहद नजदीक है, इसलिए किसी भी तकनीकी उपकरण का मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर मामला बन जाता है। BSF ने आसपास के गांवों में लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
गौरतलब है कि 20 नवंबर को भी रामगढ़ क्षेत्र में ऐसा ही संदिग्ध ड्रोन मिला था, जिसके बाद से सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई थी। लगातार दो घटनाओं ने अब सुरक्षा चिंताओं को और बढ़ा दिया है।
Updated on:
30 Nov 2025 10:30 am
Published on:
30 Nov 2025 10:30 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
