13 सितंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

jaisalmer: मंगला आरती के साथ शुरू हुआ बाबा रामदेव का 642वां भादवा मेला, 3-4 किमी लंबी कतारों में उमड़े श्रद्धालु

जैसलमेर. केरू गांव के भूरा बाबा केरू गुफा धाम में शनिवार रात श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। जागरण में देर रात तक भजनों की गूंज के बीच श्रद्धालु भक्ति में लीन रहे। आसपास के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
2 min read
Google source verification
ramdevra mela jaisalmer

रामदेवरा में बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की लंबी कतार।

रामदेवरा @ पत्रिका. मारवाड़ के कुंभ के नाम से प्रसिद्ध लोकदेवता बाबा रामदेव का 642वां भादवा मेला रविवार को आस्था और भक्ति के उल्लास के बीच विधिवत शुरू हुआ। भादवा शुक्ल पक्ष दूज के अवसर पर रामदेवरा में भोर 3 बजे मंगला आरती के साथ मेले का शुभारंभ हुआ। आरती के साथ ही बाबा रामदेव की समाधि के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा और देखते ही देखते दर्शन कतारें करीब 3 से 4 किलोमीटर तक पहुंच गईं। रविवार को करीब 3 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव समाधि के दर्शन कर मंगल कामनाएं की। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु हाथों में ध्वज-पताकाएं लेकर बाबा के जयकारे लगाते हुए दर्शन के लिए कतारों में खड़े रहे। भोर से ही रामदेवरा का वातावरण जय बाबा री और बाबा रामदेव की जय के जयकारों से गूंजता रहा।

मंगला आरती से पहले बाबा रामदेव की समाधि को विधि-विधान के साथ पंचामृत से स्नान कराया गया। इसके बाद समाधि पर मखमली चादर चढ़ाई गई और काजू, बादाम, अखरोट और मिश्री का भोग अर्पित कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर बाबा रामदेव की समाधि पर स्वर्ण मुकुट भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। समाधि स्थल को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था। मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेला क्षेत्र में तीसरी आंख यानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है। जिला प्रशासन और बाबा रामदेव समाधि समिति की ओर से पेयजल, सफाई, चिकित्सा, यातायात, पार्किंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल और जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे व बाबा रामदेव समाधि समिति के गादीपति राव भोम सिंह तंवर ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।

केरू गुफा धाम में देर रात तक गूंजे भजन, उमड़े श्रद्धालु

नाचना @ पत्रिका. केरू गांव भादरिया-ताड़ाना के बीच स्थित भूरा बाबा केरू गुफा धाम में शनिवार रात श्रद्धा और भक्ति का नजारा देखने को मिला। यहां जागरण एवं धार्मिक मेले का आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे। भूरा बाबा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। जागरण में देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा। भक्ति गीतों से पूरा गुफा परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। महिलाओं और मातृशक्ति की भी बड़ी संख्या में भागीदारी रही। वहीं युवकों ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग करते हुए अपनी जिम्मेदारी निभाई। दूर-दराज के गांवों से भादरिया, दिधू, ताड़ाना, सत्याया, नाचना, घंटियाली, अजासर, आसकंद्रा, चांदसर, छायन, बाधासर, बारू, सोढाकोर, डेलासर, लाठी, चांधन, सनावड़ा और खींवसर सहित अनेक गांवह/वें से श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने भूरा बाबा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम पुजारी मानक भारती, ताड़ाना के सान्निध्य में आयोजित हुआ। आयोजन में ग्रामीणों, युवकों, मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा। जागरण के बाद रविवार को महाप्रसादी का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।