
मेरा वोट, मेरा संकल्प - छात्र-छात्राओं ने ली शपथ,‘साझा नहीं करेंगे फेक न्यूज’
पोकरण. राजस्थान पत्रिका और फेसबुक के साझा अभियान शुद्ध का युद्ध के अंतर्गत शनिवार को पोकरण पॉलीटेक्निक कॉलेज व पोकरण शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय सभागार में मेरा वोट, मेरा संकल्प कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान फेक न्यूज से राष्ट्र, समाज व व्यवस्थाओं पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभाव के बारे में अवगत करवाया गया। कार्यक्रम में करीब 60 छात्र छात्राएं उपस्थित थे। इस दौरान विद्यार्थियोंं को सही व गलत खबर की पहचान करने के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्हें गलत खबर को एक दूसरे के साथ साझा नहीं करने व झूठी जानकारी होने पर उसका बहिष्कार करने, लोगों को उसके बारे में सत्यता बताने तथा ऐसी झूठ खबर, जिससे राष्ट्र व समाज को नुकसान की आशंका हो, उसके बारे में तत्काल पुलिस व प्रशासन को सूचित करने के बारे में बताया गया। इस मौके से विद्यार्थियों से संवाद किया गया। उन्हें अविश्वसनीय खबरें होने पर उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करने की भी बात कही गई। सोशल मीडिया पर कई बार अविश्वसनीय जानकारियां साझा कर दी जाती है। जिससे किसी व्यक्ति अथवा समाज को बड़ा नुकसान उठाना पड़ता है। गलत खबरों के बुरे परिणाम भी आते है। इसलिए सभी व्यक्तियों को यह जानना जरूरी है कि जहां से खबर आ रही है, वह कितना प्रमाणित है, इसके पीछे खबरें भेजने वाले का क्या उद्देश्य है, उसे वायरल करने से कोई नुकसान तो नहीं हो रहा है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को फेक न्यूज के खतरों से अवगत करवाया गया तथा सच व झूठ खबर और अफवाह का आंकलन करने की क्षमता विकसित करने के सुझाव भी दिए गए। कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं ने फेक न्यूज की सत्यता परखने के बाद ही आगे साझा करने का संकल्प लिया। झूठी खबरों को साझा नहीं करने व दूरसंचार संसाधनों का दुरुपयोग नहीं करने की पैरवी की गई।
मतदान की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान नवमतदाता विद्यार्थियों को मतदान करने, ईमानदार, समझदार, जवाबदेह जनप्रतिनिधि को चुनने तथा अपने परिवार के लोगों व मित्रों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय के व्याख्याता, शिक्षक व अन्य कार्मिक उपस्थित थे। प्राचार्य भैरुसिंह भाटी ने कार्यक्रम के लिए राजस्थान पत्रिका का आभार व्यक्त किया। डॉ.भैराराम ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
Updated on:
24 Nov 2018 06:40 pm
Published on:
24 Nov 2018 06:40 pm
