
स्वर्णनगरी में नहीं एक भी पार्किंग स्थल,लोग यहाँ खड़े कर रहे वाहन
जैसलमेर. पर्यटकों के पसंदीदा जैसलमेर शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख स्थलों पर चारों तरफ वाहनों का जमघट देखकर यही लगता है कि, ये पार्किंग स्थल हैं। गत एक-डेढ़ दशक के दौरान जैसलमेर में दुपहिया और चार पहिया वाहनों की संख्या में छह गुना तक इजाफा हो चुका है, इस अवधि में एक अदद पार्किंग स्थल तक स्थानीय निकाय और जिला प्रशासन मिलकर नहीं बना सके हैं। यही वजह है कि हनुमान चौराहा से लेकर गड़ीसर चौराहा तक के मुख्य व्यावसायिक इलाकों में जहां देखो, वहां तक केवल वाहनों का जमावड़ा नजर आ रहा है। हनुमान चौराहा पर महाराणा प्रताप मैदान में भूमिगत और भूतलीय पार्किंग स्थल के निर्माण की योजना पिछले 10-15 साल से जमीन पर नहीं उतर सकी है।
पुलिस के प्रयास भी नाकाफी
पिछले अर्से के दौरान शहर की बेतरतीब यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए पुलिस प्रशासन ने प्रयास किए थे, जिसके चलते शाम को पुलिस अधिकारी भारी-भरकम लवाजमे के साथ बाजारों में निकलते और सडक़ों पर दुकानदारों की ओर से फैला कर सामान रखने तथा बाजारों में दुपहिया वाहनों को हटवाने की कार्रवाई करते। ऐसे में कुछ दिन तक व्यवस्था में सुधार भी नजर आया।लेकिन पुलिसकर्मियों के सामने भी यही संकट पैदा हो गया कि, वाहनों को बाजारों से हटवाएं तो उन्हें खड़ा कहां करवाएं? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, जिला व नगरपरिषद प्रषासन को मिलकर इस समस्या का तोड़ निकालना होगा। नए पार्किंग स्थलों का निर्धारण किए बिना यातायात की बिगड़ी तस्वीर को संवारा नहीं जा सकता।
वाहनों से पटा रहता है चौराहा
-जैसलमेर का सबसे व्यस्त और गत वर्षों अतिक्रमण हटवाए जाने के बाद विशाल हनुमान चौराहा पर सुबह व षाम के समय छोटे-बड़े करीब सौ चार पहिया वाहन मनमाने ढंग से खड़े नजर आते हैं।
-इससे यहां यातायात व्यवस्था का पूरा भ_ा ही बैठ गया है।
-पर्यटकों से लेकर शहरी व ग्रामीण लोगों की आवाजाही वाला प्रमुख इलाका होने के कारण हर समय भीड़ भाड क़ा मंजर बना हुआ है।
-इसी क्षेत्र में महाराणा प्रताप मैदान में सुनियोजित ढंग से बहुमंजिला पार्किंग स्थल का निर्माण करवाने की योजना कई सालों से मूर्त रूप नहीं ले पाई है।
फैक्ट फाइल -
-20 हजार से ज्यादा वाहन जैसलमेर में
-06 मुख्य बाजारों में यातायात समस्या
-08 लाख सैलानी आते हैं हर वर्ष
जगह की समस्या
शहरी क्षेत्र में नए पार्किंग स्थलों का निर्धारण किए जाने की नितांत आवश्यकता है लेकिन इसके लिए उपयुक्त जगहें नहीं मिल रही हैं। आने वाले दिनों में इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। प्रताप मैदान में पार्किंग स्थल का निर्माण कार्य भी प्रक्रियाधीन है।
-कविता खत्री, सभापति, नगरपरिषद जैसलमेर
Published on:
03 Aug 2018 11:05 am
