5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

स्वर्णनगरी में निर्जला एकादशी के दिन यहां रही चहल-पहल,जानिए पूरी खबर

सेवियों, मिठाई व मटकियों की हुई जमकर खरीदारी-स्वर्णनगरी के मुख्य मार्गों व मन्दिरों में दिन भर रही चहल-पहल
2 min read
Google source verification
Nirjala Ekadashi in Swarna Nagari jaisalmer

On the day of Nirjala Ekadashi in Swarna Nagari jaisalmer

जैसलमेर. जैसलमेर में निर्जला एकादशी के दिन नजारा आम दिनों की तुलना में अलग ही नजर आया। शनिवार को पौ फटते ही धार्मिक कार्यक्रमों का जो सिलसिला शुरू हुआ, वह रात तक बना रहा। लोगों ने जमकर दान-पुण्य किए, वहीं मिठाई, मटकियों व सेवियों की जमकर खरीदारी की। उत्साह से परिपूर्ण माहौल तो आस्था का उमड़ता ज्वार, चहुंओर आध्यात्मिक वातावरण तो दान-पुण्य को लेकर मची होड़...। मंदिरों में जाकर महिलाओं ने पूजा.अर्चना कर बालिकाओं को भोजन करवाया। कई मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान भी हुए। भक्ति के सागर में लोग गोते लगाते रहे तो धार्मिक कार्यों में भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। लोगों ने वर्ष भर की एकादशियों का पुण्य एक साथ करने के लिए ईष्ट से प्रार्थना की। एकादशी के दिन श्रद्धालुओं ने भूखों को भोजन करवाया और भिखारियों, असहायों व नि:शक्तजनों को दान दिया। पूरे दिन बाजारों में चहल-पहल देखने को मिली। इस दिन पर परंपरानुसार बहन, बेटियों व गुरुओं को आम, मिठाई, वस्त्र, मटकी, शर्बत दिए गए। लोगों ने पूरे दिन फलाहार कर उपवास रखा। एकादशी के मौके पर महिलाओं व पुरुषों ने व्रत रख कर हाथ पंखी, आम, शक्कर, सिंघोड़े की सेवों व मटकी का दान पुण्य किया। शहर में पुण्य अर्जित करने के लिए कई लोगों ने समूह बनाकर शीतल पेय, शिकंजी व शरबत की स्टालें लगाई। इस दौरान उन्होंने राहगीरों, दुपहिया वाहनचालकों और आवाजाही करने वाले महिलाए पुरुष व बच्चों को मनुहार कर शीतल पेय पिलाया। इसी तरह ग्रामीणांचलों में भी एकादशी के दिन ग्रामीणों ने जमकर दान व पुण्य किए।
मोहनगढ. ग्रामीणों ने एकादशी का व्रत भी किया गया, वहीं दान पुण्य किए गए। बाजार में मटकी, जूते, चप्पल, छाते आदि की जमकर बिक्री हुई। राहगीरों को गन्ने का रस पिलाया गया। इस दौरान बच्चों, महिलाओं, युवाओं व पुरुषों की भीड़ लगी रही।
पोकरण. एकादशी के अवसर पर शनिवार को कस्बे के बाबा रामदेव मंदिर, चारभुजा, सत्यनारायण भगवान, गोवद्र्धननाथजी की हवेली सहित सभी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ था तथा दिनभर मंदिरों में दर्शनार्थियों की रेलमपेल लगी रही। इस अवसर पर लोगों ने परंपरागत रूप से सिंगाड़े की सेव, आम, मावे के पेठे, खजूर की पंखियां, ठंडाई व मटकियों का दान पुण्य किया। कस्बे में जैसलमेर रोड, जोधपुर रोड, व्यास सर्किल, फोर्ट रोड, फलसूण्ड रोड पर जगह-जगह लोगों ने काउंटर लगाकर यहां आने जाने वाले राहगीरों को रोककर मनुहार कर शरबत पिलाई।
रामदेवरा. ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की गहमा गहमी देखने को मिली। जातरुओं ने बाबा की समाधि के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। यहां आए दर्शनार्थियों ने मंदिर के सामने बैठे गरीबों को फल, भोजन, कपड़े सहित अन्य वस्तुओं का दान पुण्य किया। इस अवसर पर मंदिर रोड, सदर बाजार, पोकरण रोड, रामसरोवर, रेलवे स्टेशन रोड पर श्रद्धालुओं को मनुहार कर शरबत, शीतल पेय, नींबू की शिकंजी आदि पिलाई। इसी प्रकार पुलिस की ओर से भी स्टोल लगाकर शरबत व ठण्डाई पिलाई गई।
फलसूण्ड. गांव में शनिवार को निर्जला एकादशी के अवसर पर लोगों ने जमकर दान पुण्य किया। एकादशी को लेकर दो दिन पूर्व से ही बाजार में आम, सिंगोड़े की सेव व विभिन्न फलों की बिक्री जोरों पर चल रही थी। दुकानों पर खासी भीड़ भाड़ देखने को मिल रही थी। शनिवार को सुबह से ही लोगों में निर्जला एकादशी को खासा उत्साह देखने को मिल रहा था। इस अवसर पर मंदिरों में दर्शनार्थियों की रेलमपेल रही तथा पशुओं को हरा चारा खिलाया गया।