
बैठक में समस्याओं पर हुई चर्चा, निराकरण को लेकर किया यह विचार-विमर्श
जैसलमेर .पोकरण उपखण्ड स्तरीय जन अभाव अभियोग सतर्कता समिति, जनसमस्याओं के निराकरण व समीक्षा बैठक उपखण्ड अधिकारी रेणु सैनी की अध्यक्षता में गुरुवार को उनके कार्यालय में आयोजित की गई। इस अवसर पर क्षेत्र की जनसमस्याओं व निराकरण को लेकर विचार विमर्श किया गया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उपखण्ड अधिकारी सैनी ने बारिश के मौसम को देखते हुए बाढ के हालातों से निपटने की पूर्ण तैयारी रखने, क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सडक़ों की मरम्मत करवाने, पानी व बिजली व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों को बारिश के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, ढीली विद्युत तारों को कसने, टूटे विद्युत पोलों की मरम्मत करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार उन्होंने बदलते मौसम को देखते हुए मौसमी बीमारियों की रोकथाम व उससे बचाव, सरकारी अस्पताल में दवाईयों की व्यवस्था सुदृढ करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में सार्वजनिक निर्माण विभाग से क्षतिग्रस्त सडक़ों व उनके आसपास हुए गहरे गड्ढ़ों को तत्काल भरकर मरम्मत करने के निर्देश दिए। बैठक में कस्बे सहित उपखण्ड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सफाई व्यवस्था सुदृढ करने, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने, खुले में शौच मुक्त अभियान को सफल बनाने, नगरपालिका क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाने पर विशेष बल दिया गया।
कार्रवाई की समीक्षा
बैठक में पानी, बिजली, चिकित्सा, सडक़, शिक्षा, पशुपालन, रसद, आबकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, कृषि, वन विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज जैसे विभागों से जुड़ी योजनाओं व उनके क्रियान्वयन तथा विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण को लेकर अधिकारियों की ओर से की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में ब्लॉक आयुर्वेद चिकित्साधिकारी डॉ.ताम्बलराम, पशु चिकित्साधिकारी डॉ.एसएस तंवर, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश चौधरी, जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेशकुमार नागौरी, यातायात पुलिस प्रभारी खेतसिंह सांखला सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया तथा अपने-अपने विभाग से संबंधित समस्याओं पर चर्चा की व प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
Published on:
06 Jul 2018 05:54 pm
बड़ी खबरें
View Allजैसलमेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
