
अचानक टूटकर गिरा बिजली का तार, टला हादसा
पोकरण कस्बे के जैसलमेर रोड पर खटीकों की धर्मशाला के आगे स्थित अस्थायी बस स्टैंड पर बुधवार को सुबह एक विद्युत तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई व्यक्ति चपेट नहीं आया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार कस्बे में वर्षों पूर्व विद्युतीकरण के दौरान पोल व तारें लगाई गई थी। कई जगहों पर वर्षों से पोल व तारों को बदला नहीं गया है। जिसके कारण कई बार पोल व तारें टूटकर गिर जाते है और हादसे को न्यौता देते है। कस्बे के जैसलमेर रोड पर खटीकों की धर्मशाला के आगे अस्थायी बस स्टैंड स्थित है। यहां से निजी व रोडवेज बसोंं के साथ रामदेवरा, फलोदी के लिए जीपों, टैक्सियों का संचालन होता है। बुधवार को सुबह यहां विद्युत पोल पर लगा एक तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। इस दौरान आसपास बैठे दुकानदारों के साथ यहां खड़े यात्रियों में हड़कंप मच गया। दुकानदारों ने इसकी सूचना तत्काल डिस्कॉम के अधिकारियों को दी और विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। जिसके बाद विद्युत पोल को सड़क किनारे किया गया। यहां हर समय चहल पहल लगी रहती है, लेकिन गनीमत रही कि तार टूटकर गिरने पर कोई व्यक्ति चपेट में नहीं आया। जिससे बड़ा हादसा टल गया।
Published on:
29 Nov 2023 08:24 pm
