5 सितंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मरु महोत्सव में सूफी गायक लखविंदर वडाली बिखेरेंगे आवाज का जादू, बॉलीवुड की हस्तियां बुलाने में भी जुटे जिम्मेदार

-नवाचारों से विख्यात मरु महोत्सव को खास बनाने की कवायद-आगामी 17 से 19 फरवरी तक जैसलमेर और सम क्षेत्र में आयोजन -लोक संस्कृति के साथ बॉलीवुड गीत-संगीत की रंगीनियां...
2 min read
Google source verification
jaisalmer

मरु महोत्सव में सूफी गायक लखविंदर वडाली बिखेरेंगे आवाज का जादू, बॉलीवुड की हस्तियां बुलाने में भी जुटे जिम्मेदार

जैसलमेर. जैसलमेर पर्यटन की पहचान बन चुके मरु महोत्सव के मंच पर इस बार सांस्कृतिक पेशकशों के साथ बॉलीवुड गीत-संगीत की रंगीनियां भी नजर आएंगी। इसके अलावा आगामी 17 से 19 फरवरी की अवधि में आयोजित होने वाले महोत्सव में फैशन के रंग बिखरेंगे तो दिलों को सुकून पहुंचाने वाला सूफी गायन भी होगा। महोत्सव के कार्यक्रम तीन दिन तक जैसलमेर और सम के रेतीले धोरों पर ही आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की साझा कोशिश इस आयोजन में बीते सालों के दौरान पैदा एकरसता को तोडऩे की है।

अंतिम दिन को यादगार बनाने की जुगत
महोत्सव का तीसरा दिन सम के रेतीले धोरों में आयोजित होता है। यहां सांस्कृतिक संध्या में पंजाब के मशहूर वडाली घराने के सूफी गायक लखविंदर वडाली अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे। इससे पहले हर बार की भांति रोमांचक ऊंट दौड़ होगी। बाद में ऊंट तथा घोड़ों का नृत्य भी रखा गया है। सम कैम्प एंड रिसोर्ट वेलफेयर सोसायटी को इन कार्यक्रमों का प्रायोजक बनाया गया है। प्रशासन ने 17 तारीख की शाम पूनम स्टेडियम में बॉलीवुड म्यूजिक नाइट का कार्यक्रम भी तय किया है, जिसमें शिरकत करने के लिए विख्यात फिल्मी गायक जावेद अली से सम्पर्क साधा गया। सूत्र बताते हैं कि उन्होंने आने की हामी भर ली थी, लेकिन वे पहले दिन नहीं आ पा रहे। अब आयोजक उनकी जगह दो-तीन और लोकप्रिय गायकों को बुलाने का प्रयास कर रहे हैं।
यह होगा पहली बार
महोत्सव के पहले रोज 17 तारीख को सायं 4 बजे पूनम स्टेडियम में साफा बांधने का मेगा इवेंट पहली बार होने जा रहा है। प्रशासन ने इस मौके पर 5 हजार लोगों को स्टेडियम में जुटाने का लक्ष्य रखा है, इनमें देशी-विदेशी सैलानियों के साथ आम जिलावासी शामिल होंगे। उनका रजिस्ट्रेशन इन दिनों पर्यटक स्वागत केंद्र में करवाया जा रहा है, जहां प्रतिभागी को एक टोकन दिया जा रहा है। इसी तरह खड़े रहने का स्थान नियत किया होगा। आयोजन के दिन प्रतिभागी को अपराह्न 4 बजे निर्धारित स्थान पर पहुंचना होगा, जहां साफा उन्हें उपलब्ध करवाया जाएगा। उस दिन हजारों लोग एक साथ साफा बांधने का उपक्रम करेंगे। प्रशासन इसको रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवाने का मानस बना चुका हैै। सभी सरकारी महकमों को इस इवेंट के लिए लक्ष्य भी दिए गए हैं। इससे पूर्व मरु महोत्सव के पहले दिन साफा बांधने की प्रतियोगिताएं देसी-विदेशी लोगों के लिए आयोजित की जाती रही हैं। जैसलमेर के पूनम स्टेडियम में ही सायंकालीन कार्यक्रमों में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नॉलोजी के छात्र फैशन शो भी पेश करेंगे।

फैक्ट फाइल -
-1979 में पहली बार जैसलमेर में हुआ विख्यात मरु महोत्सव
-17 फरवरी से तीन दिवसीय कार्यक्रमों का होगा आगाज
-2001 में गुजरात में भूकम्प त्रासदी के कारण नहीं हुआ आयोजन

सभी कर रहे सहयोग
सम में आयोजित होने वाले तीसरे दिन के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कैम्प और रिसोर्ट व्यवसायी सहयोग कर रहे हैं। आगंतुकों का भरपूर मनोरंजन होगा।
-कैलाश व्यास, अध्यक्ष, सम कैम्प एंड रिसोर्ट वेलफेयर सोसायटी

यादगार आयोजन की कोशिश
इस बार मरु महोत्सव में कई नवाचार किए जा रहे हैं। अधिकाधिक सैलानियों के साथ आमजन को जोडऩे का प्रयास है, जिससे यह आयोजन यादगार बन जाए।
-मोहनदान रतनू, उपायुक्त उपनिवेशन एवं आयोजन प्रभारी