
'मिसटाइप’ से सुनीता हुई निष्कासित! कांग्रेस ने कहा गलती से हुआ ऐसा,जानिए पूरी खबर
जैसलमेर . कांग्रेस की प्रदेश महासचिव व जैसलमेर से पार्टी की टिकट के लिए दावेदार रही सुनीता भाटी का पार्टी से निष्कासन मजाक का सबब बन गया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को खुलासा किया कि कम्प्यूटर मिसटाइप की वजह से सुनीता भाटी का नाम पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित किए गए नेताओं की फेहरिस्त में शामिल हो गया। वास्तविकता में सुनीता भाटी के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष गोविंद भार्गव ने बताया कि जिला कांग्रेस के नेताओं ने इस संबंध में प्रदेश के नेताओं से बातचीत की तब पता चला कि यह गलतफहमी मिसटाइप की वजह से हुई है, वे कांग्रेस में ही हैं।
28 नेताओं को किया था निष्कासित
गौरतलब है कि रविवार देर शाम राजस्थान प्रदेश कांग्रेस की ओर से पार्टी से बगावत कर अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ रहे 28 नेताओं को प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित किया गया था। उसमें सुनीता भाटी का नाम देख सभी हैरान रह गए। क्योंकि वे बागी होकर चुनाव नहीं लड़ रहीं हैं। स्वयं सुनीता भाटी ने इस कार्रवाई पर सवाल खड़े करते हुए प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से जवाब मांगा था।
Published on:
27 Nov 2018 12:07 pm
