
स्कूल में छात्र की आंखें बंद करके 5 छात्रों व 7 अभिभावकों ने पीटा
जालोर. जालोर जिले की भाद्राजून तहसील के रामा गांव के राउमावि में कक्षा में बैठे के एक छात्र के साथ पांच छात्रों और उनके साथ आए सात अभिभावकों ने थापों-मुक्कों और लाठी से मारपीट की। शिक्षकों ने बीच बचाव किया, लेकिन तब तक 11 आरोपियों ने एक अकेले छात्र को पीट दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची तब तक अभिभावक भाग गए। पुलिस ने उन्हें चौकी बुलाया तो एक आरोपी ने पुलिस के सामने ही पीडि़त छात्र व उसके परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी। पुलिस ने एससी-एसटी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। इसकी जांच जालोर डीएसपी रतनाराम देवासी करेंगे।
नवीं कक्षा में पढ़ने वाले एक छात्र की शनिवार को स्कूल में प्रार्थना से पहले खेल के दौरान उसके और उसके 5 दोस्तों में कहासुनी हो गई। शिक्षकों ने मामला शांत कराया। प्रार्थना के बाद छात्र कक्षा में गए। वहां पीडि़त छात्र की आंखें बंद करके आरोपी पांचों छात्रों ने पीटना शुरू कर दिया। शिक्षकों ने छुड़ाया। इतने में एक आरोपी छात्र घर चला गया और मेफुलबानो, इन्साफ खान, मेफुलीबानो, जवेरूदीन, रजिया, शाहिदा बानो, बाबू खां को बुला लाया। इन पर मारपीट का आरोप है। पीडि़त छात्र को कक्षा से बाहर लाकर पीटा गया और शिक्षकों ने जैसे-तैसे उनको छुड़ाया।
पीडि़त छात्र की मां ने माफी मांगी
सूचना पर स्कूल पहुंची पीडि़़त छात्र की मां ने आरोपी छात्र और उनके अभिभावकों से यह कहते हुए माफी मांगी कि उनके बच्चे से कोई गलती हो गई हो तो माफ कर देना। दूसरी तरफ पुलिस ने आरोपियों को चौकी बुलाया तब एक आरोपी बाबू खां ने पुलिस चौकी के अंदर ही पीडि़त छात्र के पिता को गांव छोड़ने की धमकी दी।
-----------------------------
खेल-खेल में छात्र आपस में झगड़ गए। हमने तो उनको छुड़ाया भी। अभिभावक भी स्कूल आए और बच्चे को पीटा। हमने बीच बचाव किया। पुलिस को भी सूचना देकर बुलाया।
-पन्नाराम चौधरी, कार्यवाहक प्राचार्य, राउमावि रामा, जालोर
अभी तक हमने 151 के तहत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। मामले में जांच जारी है।
प्रतापसिंह भाटी, थानाधिकारी भाद्राजून
Updated on:
26 Mar 2023, 8:23 AM IST
Published on:
26 Mar 2023, 8:23 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.