
nagaur news
आहोर. जहां एक ओर सरकार गांवों में विकास कार्य करवाने के कई दावे कर रही हैं वहीं दूसरी ओर भैंसवाड़ा ग्राम पंचायत के माधोपुरा में विभिन्न मोहल्लों की स्थिति देखकर सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे है। यहां रहने वाले वाशिंदे लंबे समय से विभिन्न सुविधाओं को तरस रहे है लेकिन इस ओर ग्राम पंचायत की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सड़क बनाने से पूर्व घरों से निकलने वाले गंदेे पानी की निकासी के लिए नालियों का निर्माण कार्य होना चाहिए था। लेकिन ग्राम पंचायत ने नालियों का निर्माण भी नहीं किया। जिसकी वजह से घरोंं का पानी निकासी के अभाव मेंं सड़क मार्ग पर फैलकर गंदगी फैला रहा है। जिससे न केवल राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है वहीं सड़क मार्ग को भी नुकसान पहुंच रहा है। विभिन्न मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। आलम यह हैं कि यहां विभिन्न मोहल्लों में नालियों का निर्माण नहीं हुआ है। यहां ग्राम पंचायत की ओर से घरों से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए अब तक नालियों का निर्माण नहीं करवाया गया है। नालियों का अभाव एवं पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण घरों का पानी आम रास्तों पर जमा होकर गंदगी व कीचड़ फैला रहा है। लेकिन इससे ग्राम पंचायत को कोई सरोकार नहीं है। इधर, मोहल्लेवासी गंदगीयुक्त वातावरण में जीने को मजबूर है।
यहां बस स्टैण्ड से आहोर कस्बे की तरफ जाने वाले मुख्य मार्ग पर नालियों के साथ सड़क मार्ग का भी अभाव बना हुआ है। यहां पूर्व में निर्मित डामर सड़क निर्माण के कुछ समय बाद ही नालियों का अभाव होने के कारण गंदा पानी सड़क मार्ग पर जमा रहने की वजह से जगह-जगह से टूटकर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वर्तमान में यहां जगह-जगह गड्ढें पड़े हुए है। इस समस्या के समाधान को लेकर मोहल्लेवासियों की ओर से पूर्व में कई बार वार्डपंच तथा ग्राम पंचायत को अवगत करवाया गया लेकिन अब तक समस्या ज्यो कि त्यो बनीं हुई है।
अटी पड़ी नाली
मोहल्ले में पानी निकासी के लिए पूर्व में ग्राम पंचायत की ओर से मुख्य सड़क मार्ग की तरफ नाली का निर्माण करवाया गया था, लेकिन नाली उचित देखरेख व सफाई के अभाव में मिट्टी से अटी पड़ी है। जिसके कारण यहां से पानी की निकासी नहीं हो रही है। यहां ग्राम पंचायत की ओर से सफाईकर्मी की भी व्यवस्था नहीं की हुई है।
घरों के आगे बनाए गड्ढ़े
मोहल्ले में पानी निकासी हेतु नालियों की व्यवस्था नहीं होने के कारण मोहल्लेवासियों को हर रोज परेशान होना पड़ता है। मोहल्ले में लोगों ने नालियों की व्यवस्था नहीं होने के कारण अपने घरों के आगे गड्ढें खोद रखे है। जिसमें घरों से निकलने वाला पानी जमा होता है। लोगों को रोज इन गड्ढों से गंदा पानी निकालना पड़ता है।
परेशानी होती है
मोहल्ले में पानी निकासी के लिए नालियों की व्यवस्था नहीं है। गंदा पानी आम रास्तों पर एकत्रित होकर गंदगी व कीचड़ फैला रहा है। लेकिन इस ओर पंचायत द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
- नारायणलाल मेघवाल, वार्डपंच, माधोपुरा
सीवरेज कार्य के लिए किया सर्वे
पानी निकासी के लिए नालियों का अभाव है। माधोपुरा में विभिन्न मोहल्लों में पानी की सुचारू निकासी के लिए हाल ही में ग्राम पंचायत की ओर से सीवरेज ठेकेदार से सीवरेज पाइप लाइन बिछाने को लेकर सर्वे कार्य करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य की कार्रवाई की जाएगी। ताकि माधोपुरा में पानी निकासी की समस्या का स्थाई निराकरण हो सके।
- सुनील कुमार, ग्रामसेवक, ग्राम पंचायत भैंसवाड़ा
Published on:
18 Jan 2018 11:34 am
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
