
राजस्थान दिवस पर जालोर में होगी भव्य सांस्कृतिक संध्या
जालोर. पर्यटन विभाग व जिला प्रशासन के तत्वावधान में राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में 29 व 30 मार्च को शाह पूंजाजी गेनाजी स्टेडियम जालोर में आयोजित होने वाले “राजस्थान संस्कृति महोत्सव“ की पूर्व तैयारियों को लेकर जिला कलक्टर निशान्त जैन की अध्यक्षता में शुक्रवार को बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक में जिला कलक्टर निशान्त जैन ने ‘‘राजस्थान संस्कृति महोत्सव कार्यक्रम’’ में अधिक से अधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आयोजन के प्रबंधन संबंधी एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा करते हुए ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। गौरतलब है कि राजस्थान दिवस तीस मार्च को मनाया जाता है।
प्रदेश के विभिन्न लोक कलाकार बांधेंगे समां
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार वासु ने कार्यक्रम से जानकारी देते हुए बताया कि राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले “राजस्थान संस्कृति महोत्सव“ के दौरान प्रथम दिवस 29 मार्च को सायं 5 बजे जिले के विविध गैर समूह द्वारा गैर नृत्य एवं सायं 7 बजे जोधपुर के कलाकार कोजे खां मांगणियार द्वारा लोक गीत, चौमूं के रघुलाल द्वारा फूलों की होरी, देवगढ़ (उदयपुर) की दुर्गा देवी द्वारा चरी नृत्य व तेरहताली, जोधपुर के कालू नाथ द्वारा कालबेलिया नृत्य, डूंगरपुर के नारायण परमार द्वारा मत पियो तम्बाकू, निवई के रामप्रसाद द्वारा चंग, फागुन गीत व नृत्य, चाकसू के रामलाल द्वारा भवाई व फायर नृत्य तथा जयपुर के प्रकाश शर्मा द्वारा घूमर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी जायेगी। महोत्सव के दूसरे दिन 30 मार्च को सायं 7 बजे राजस्थान की प्रसिद्ध गायिका सीमा मिश्रा एण्ड ग्रुप द्वारा कार्यक्रम की प्रस्तुति दी जायेगी।
Published on:
26 Mar 2023, 8:42 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.