31 जुलाई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Rajasthan: MLA जीवाराम चौधरी को खत्म करने की धमकी, 2.43 करोड़ के लेनदेन का मामला

सांचौर से निर्दलीय विधायक जीवाराम चौधरी ने 2.43 करोड़ रुपए के कथित लेनदेन विवाद में दो लोगों पर जान से मारने की धमकी देने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। वहीं दूसरे पक्ष ने पलटवार करते हुए विधायक पर जमीन कब्जाने का आरोप लगाया है।
2 min read
Google source verification

जालोर

image

Kamal Mishra

Jul 31, 2026

Jivaram Chaudhary

MLA Jivaram Chaudhary: (फोटो-पत्रिका नेटवर्क)

जालोर। सांचौर से निर्दलीय विधायक जीवाराम चौधरी ने सुरेश चौधरी और दजाराम चौधरी के खिलाफ सांचौर थाने में गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष ने विधायक पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है।

विधायक जीवाराम चौधरी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2018 में पादरडी तेतरोल निवासी सुरेश चौधरी और दजाराम चौधरी ने माइक्रो स्टील के व्यापार के लिए उनसे 1 करोड़ 20 लाख रुपए उधार लिए थे। यह राशि एक वर्ष के लिए एक प्रतिशत मासिक ब्याज की शर्त पर दी गई थी। विधायक के अनुसार एक वर्ष बाद जब उन्होंने राशि वापस मांगी तो आरोपियों ने न तो मूल रकम लौटाई और न ही ब्याज का भुगतान किया।

60 बीघा जमीन का भी मामला

रिपोर्ट में बताया गया कि बकाया राशि के बदले आरोपियों ने राजस्व गांव होथीगांव स्थित करीब 60 बीघा खातेदारी कृषि भूमि उनके नाम करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपी समाज के चार सम्मानित लोगों को लेकर उनके पास आए और उनकी मौजूदगी में एक लिखित इकरारनामा तैयार किया गया। विधायक का आरोप है कि इसके बाद भी न तो जमीन की रजिस्ट्री करवाई गई और न ही उधार राशि लौटाई गई।

2.43 करोड़ रुपए से अधिक की राशि बकाया होने का दावा

विधायक ने रिपोर्ट में बताया कि 1 जनवरी 2018 से 23 जुलाई 2026 तक मूलधन 1 करोड़ 20 लाख रुपए और ब्याज 1 करोड़ 23 लाख 27 हजार 600 रुपए मिलाकर कुल 2 करोड़ 43 लाख 27 हजार 600 रुपए बकाया हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार रजिस्ट्री करवाने के लिए कहने के बावजूद आरोपी टालमटोल करते रहे।

विधायक का आरोप है कि रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने पर आरोपियों ने वाट्सएप कॉल पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

यह वीडियो भी देखें :

दूसरे पक्ष ने लगाए जमीन कब्जे के आरोप

वहीं मामले में आरोपी पक्ष के दजाराम चौधरी ने विधायक के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि पिछले कई वर्षों से उनका विधायक से कोई संपर्क नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक ने उनकी जमीन पर कब्जा किया है।

दजाराम चौधरी ने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक विधायक का सहयोग किया और चुनावों में भी मदद की, लेकिन अब उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं और वह भी अपनी शिकायत दर्ज करवाने की बात कह रहे हैं। फिलहाल सांचौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों पक्षों के आरोपों की जांच शुरू कर दी है।

इनका कहना है-

'विधायक द्वारा सांचौर पुलिस थाने में लेनदेन व धोखाधड़ी को लेकर नामजद प्रकरण दर्ज कराया गया है, रिपोर्ट के आधार पर
दो जनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।' -निबसिंह, जांच अधिकारी, पुलिस थाना सांचौर