
Rajasthan Police (Patrika Photo)
सांचौर। रामदेवरा पैदल यात्रा से लौट रहे एक युवक का अपहरण कर गैंग ने 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी, लेकिन पुलिस की सूझबूझ और परिजनों के सहयोग से फर्जी रकम के जरिए आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया गया। इस कार्रवाई से युवक को सुरक्षित छुड़ाया गया।
सेडिया गांव निवासी सुरेश कुमार (23) ने थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह 13 अगस्त को अपनी मां समेत 18 लोगों के दल के साथ रामदेवरा यात्रा पर गया था। यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात धोलीदेवी नामक महिला और उसके सहयोगियों से हुई।
यात्रा के बाद लगातार फोन पर बातचीत बढ़ाते हुए 23 अगस्त को धोलीदेवी ने सुरेश को सांचौर स्थित निजी हॉस्पिटल बुलाया। यहां पहले से मौजूद धोलीदेवी, उसके पति सांवलाराम और अन्य साथियों ने सुरेश को गाड़ी में बैठा लिया और उसकी मोटरसाइकिल भी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद युवक को होटल और फिर सुनसान डुंगरवा सरहद में ले जाकर मारपीट की गई।
आरोपियों ने सुरेश के मोबाइल से 65 हजार रुपए यूपीआई के जरिए ट्रांसफर करवा लिए और परिजनों से फोन पर 20 लाख की फिरौती की मांग की। रकम नहीं देने पर युवक की हत्या की धमकी भी दी। घबराए परिजन तुरंत थाने पहुंचे।
पुलिस ने स्थिति को समझते हुए डमी रकम देने की योजना बनाई। तय योजना के तहत जब आरोपी साचौर के कमालपुरा सरहद में निजी होटल पर फिरौती लेने पहुंचे तो पुलिस ने घेराबंदी कर मुख्य आरोपी रामजीवन को मौके से दबोच लिया। उसकी निशानदेही पर धोलीदेवी, सांवलाराम सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
यह मामला छह दिन पुराना है, पीड़ित ओर आरोपी रामदेवरा साथ गए थे, वापिस आने के बाद इस प्रकार की वारदात सामने आने पर पीड़ित द्वारा प्रकरण दर्ज करवाने पर आरोपियों को गिरतार किया गया है, फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है।
-देवेंदसिंह कछवाहा , थानाधिकारी, पुलिस थाना, सांचौर
Published on:
30 Aug 2025 12:19 pm
बड़ी खबरें
View Allजालोर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
