9 सितंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Janjgir News: 6 साल से चल रहा था खेल… अचानक पहुंची टीम सील हुआ कोल डिपो,16 मशीनें जब्त

Janjgir Coal Depot: जांजगीर में 6 साल से चल रहे अवैध कोल डिपो पर बड़ी कार्रवाई हुई। टीम ने डिपो सील कर 16 मशीनें जब्त कीं। मामले में आगे की जांच जारी है।
2 min read
Google source verification
Janjgir Coal Depot

Illegal coal (Photo- Patrika)

Janjgir Coal Depot: रसूख के दम पर पिछले छह सालों से अवैध रूप से चल रहे कोल डिपो पर 'पत्रिका' की खबर का बड़ा असर हुआ है। 'पत्रिका' द्वारा प्रमुखता से उठाए गए मुद्दे को संज्ञान में लेते हुए प्रशासन की टीम ने मंगलवार को 'मां शारदा लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड' पर बड़ी कार्रवाई करते हुए डिपो को सील कर दिया। इसके साथ ही मौके से 3 जेसीबी समेत 16 मशीनें जब्त की गईं और बिना अनुमति बनाई जा रही बाउंड्रीवॉल का निर्माण भी रुकवा दिया गया। ग्राम कन्हाईबंद स्थित इस अवैध कोल डिपो पर यह कार्रवाई कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर की गई।

पटवारी ने दी मौके पर दबिश

जांजगीर तहसीलदार शशिभूषण सोनी, नगर तथा ग्राम निवेश (टीएनसीपी) की उप संचालक सरस्वती घोष और पटवारी हरिशंकर कश्यप ने मौके पर दबिश दी। प्रशासन की ओर से पूर्व में नोटिस जारी किए जाने के बाद भी यहां अवैध बाउंड्रीवॉल का निर्माण धड़ल्ले से जारी था, जिसे टीम ने तत्काल प्रभाव से बंद करवा दिया।

कार्रवाई से पहले खाली कराया कोयला

जांच टीम जब मौके पर पहुंची, तो डिपो में उसकी क्षमता से काफी कम मात्रा में कोयला मिला। आशंका जताई जा रही है कि डिपो संचालक को प्रशासनिक कार्रवाई की भनक पहले ही लग गई थी, जिसके चलते उसने बड़ा स्टॉक वहां से हटवा दिया था। फिलहाल बचे हुए कोयले को प्रशासन ने पंचनामा बनाकर सील कर दिया है।

मौके से भारी मशीनरी और सामान जब्त

प्रशासनिक टीम ने अवैध निर्माण और संचालन में लगी पूरी मशीनरी को जब्त कर लिया है, जिनमें 3 जेसीबी, 3 चेन जेसीबी, 1 पे-लोडर, 1 हाइवा, 1 ट्रैक्टर, 1 डीजल जीप, 1 टैंकर, 1 कंक्रीट मिक्सर मशीन, 7 लोहे के एंगल, घमेले, फावड़े, पंजे और सीमेंट सामग्री है। कंक्रीट मिक्सर मशीन को विभाग अपने साथ ले गया है, जबकि जेसीबी जैसी भारी मशीनों को तकनीकी कारणों से फर्म के प्रबंधक हेमंत की सुपुर्दगी में ही सौंपा गया है। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि बिना अनुमति मशीनों को हटाने पर सीधे एफआईआर और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पत्रिका ने जगाया प्रशासन को

ग्राम कन्हाईबंद में अवैध रूप से संचालित इस कोल डिपो की गतिविधियों का खुलासा 'पत्रिका' ने लगातार अपनी खबरों के माध्यम से किया था। 22 अगस्त से विशेष अभियान चलाकर 'पत्रिका' ने इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया, जिसके बाद हरकत में आए प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है।

वर्जन

अवैध रूप से कोल डिपो का संचालन करने वाले मां शारदा लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड पर हमारी टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में आगे एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
-जन्मेजय महोबे, कलेक्टर, जांजगीर-चांपा