
जांजगीर-चांपा. नौकरी लगाने के नाम पर 78 हजार रुपए की ठगी करने वाला प्रेमी जोड़ा बाराद्वार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बाराद्वार पुलिस के अनुसार बाराद्वार निवासी तेरस राम सूर्यवंशी के पिता भगतराम सूर्यवंशी भारतीय खाद्य निगम में स्टीचर पद पर नौकरी करता था। पिता की मौत के बाद तेरस राम रोजी रोटी की तलाश में था। उसकी मुलाकात प्रेमलाल से हुई। प्रेमलाल ने अपनी पहुंच अफसरों से होना बताकर उसकी नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया।
प्रेमलाल ने नौकरी लगवाने के एवज में तेरस से कई किस्त में 78 हजार रुपए ले लिए। तेरस ने राशि जिस बैंक खाते में डाली थी वह मध्यप्रदेश राज्य के अनुपपुर मलगा निवासी माया सिंह के नाम था। खाते का इस्तेमाल उसका प्रेमी प्रेमलाल उर्फ राजीव राय उर्फ दादा करता था। जब काफी दिन तक नौकरी नहीं लगी तो तेरसराम ने मामले की शिकायत एसपी से की थी। एसपी ने मामले में जांच के निर्देश दिए। बाराद्वार पुलिस ने धोखाधड़ी का जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की। एएसआई आनंदराम साह की टीम अनुपपुर रवाना हुई। कई बार दबिश के बाद भी वहां आरोपी नहीं मिले।
आखिरकार पुलिस को ११ जनवरी को कामयाबी मिल ही गई। पुलिस ने पहले माया सिंह को मलगा अनुपपुर से गिरफ्तार किया। इसके बाद बाराद्वार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी प्रेमलाल सक्ती में है। जिसे घेराबंदी कर सक्ती से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को धारा 420, 34 के तहत जुर्म दर्ज कर जेल दाखिल किया गया है।
लोगों को होना होगा जागरूक
आए दिन ठगी के मामले सामने आने के बावजूद भी लोग नहीं समझ रहे हैं। ठगी से बचने कई तरह के अभियान भी चलाए जाते हैं। ऑनलाइन ठगी के बारे में भी लोगों को बैंक व विभिन्न स्वयंसेवी संस्थान द्वारा जागरूक किया जा रहा है, बावजूद लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं।
Published on:
15 Jan 2018 02:29 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
