
ठगी में 6 आरोपी गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG Fraud News: जांजगीर-चांपा जिले के चाम्पा थाना क्षेत्र के युवक ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। उन्हें टेलीग्राम के जरिए निवेश पर दोगुना मुनाफा देने का झांसा देकर 27 लाख 26 हजार 614 रुपए की ठगी की गई। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को औरंगाबाद से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
पुलिस के अनुसार, चाम्पा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय युवक राजेश सोनी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। जहां उसे निवेश पर दोगुना लाभ दिलाने का लालच देकर करीब 27.26 लाख की रकम ठग ली गई। इसकी शिकायत पर साइबर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। प्रार्थी ने अपने मोबाइल में टेलीग्राम एप डाउनलोड किया था। 7 दिसंबर 2025 को एक युवती ने उससे संपर्क कर एक निवेश कंपनी में पैसा लगाने पर भारी मुनाफा होने का दावा किया।
झांसे में आकर प्रार्थी ने अलग-अलग तिथियों में आरटीजीएस, यूपीआई, एटीएम और पेटीएम के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों में कुल 27 लाख 26 हजार 614 जमा कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ, तो उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
थाना साइबर पुलिस को विवेचना के दौरान एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसमें 42 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए थे। यह खाता उज्जीयन स्मॉल फायनेंस बैंक में संचालित पाया गया। जांच के आधार पर पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची, जहां आरोपी आवेज मसूद शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आरोपी ने बताया कि उसने अपने मित्र अब्दुल वाहिद के कहने पर बैंक खाता खुलवाया था, जिसका उपयोग ठगी की रकम जमा करने के लिए किया जाता था। रकम निकालकर वह अपने साथी को सौंप देता था और बदले में कमीशन प्राप्त करता था। आगे की जांच में सह आरोपी अब्दुल वाहिद को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आवेज मसूद शेख, अब्दुल वाहिद निवासी औरंगाबाद को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस आगे की जांच कर रही है।
सायबर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले निवेश प्रस्तावों से सावधान रहें। साथ ही बिना सत्यापन किसी भी खाते में पैसा ट्रांसफर न करें। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सायबर पुलिस को दें।
वहीं जांजगीर-चांपा जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट का उपयोग कर साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। नवागढ़ पुलिस ने इस मामले में एचडीएफसी बैंक के एक कर्मचारी और एक दुकानदार सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर ठग सहित म्यूल अकाउंट के बारे में जानकारी मिली। पुलिस को म्यूल अकाउंट से संबंधित जानकारी मिलने के बाद प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन नवागढ़ पुलिस ने त्वरित और गहन जांच की।
विवेचना में खुलासा हुआ कि वर्ष 2023 और 2024 के दौरान एचडीएफसी बैंक की राछाभाठा शाखा के छह बैंक खातों में कुल 20 लाख 40 हजार 244 रुपए की धोखाधड़ी की राशि जमा की गई थी। गिरफ्तार आरोपियों में राछाभाठा निवासी ननकी गोड़ (25) और बिर्रा निवासी गौतम देवांगन (21) शामिल हैं, जो फर्जी खातों के खाताधारक थे।
इसके अलावा मुड़पार निवासी टीकाराम श्रीवास (29) जो एचडीएफसी बैंककर्मी है और ठाकुरदिया निवासी राजेश्वर साहू (31) एक दुकानदार को भी पकड़ा गया है। पुलिस अन्य चार खाताधारक आरोपियों की तलाश कर रही है, जो फिलहाल फरार हैं। जांजगीर-चांपा पुलिस जिले में साइबर अपराधों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
Updated on:
24 Apr 2026 03:31 pm
Published on:
24 Apr 2026 03:31 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
