
नदी की सफाई के लिए दो करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाया
जांजगीर-चांपा. मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह गुरुवार को समीक्षा बैठक के बाद शाम सात बजे पत्रकार वार्ता में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं को बताया और कहा लोक सुराज शिविर व लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार घर-घर तक पहुंचेगी।
इस दौरान हसदेव नदी में पसरती गंदगी को साफ करने के सवाल पर सीएम ने कलेक्टर को तलब कर जानकारी मांगी। कलेक्टर ने बताया कि उन्होंने नदी की सफाई के लिए दो करोड़ रुपए का प्रस्ताव बनाया है।
इस पर सीएम ने कहा कि हर साल नदी गंदी होगी और हर साल दो करोड़ रुपए खर्च करना उचित नहीं होगा, इसलिए नदी में जाने वाले गंदे पानी को एक जगह एकत्रित कर वहां वाटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाने की योजना बनाकर उसे जल्द से जल्द क्रियान्वयन में लाएं। मुख्य सचिव ने भी इसे लेकर जल्द से जल्द प्रस्ताव भेजने की बात कही। इसके साथ ही उन्होंने पेयजल संकट को दूर कराने की भी बात कही। इसी दौरान सीएम ने पत्रकारों के आवास को लेकर भी हाउसिंग बोर्ड में कोटे की जानकारी देने सहित जमीन देने का भी आश्वासन दिया।
दागी अधिकारियों की होगी जांच
प्रेसवार्ता में आदिवासी विकास विभाग, कृषि विभाग सहित अन्य विभागों के कई अधिकारियों के ऊपर एफआईआर होने के बाद भी उन्हें जिले का प्रभार दिए जाने के सवाल पर सीएम डॉ. सिंह ने कहा कि उनके आरोपों की जांच तेजी से की जा रही है। आरोप तय होने के बाद उनके ऊपर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
राशि नहीं देने रुका स्मार्ट कार्ड से इलाज
राज्य में तीसरी बार निजी अस्पतालों में स्मार्ट कार्ड से इलाज न होने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बीमा कंपनी द्वारा अस्पताल संचालकों को समय पर राशि भुगतान नहीं किया जा रहा है। इस वजह से ऐसी समस्या आई है, जल्द ही इसका निराकरण किया जाएगा। हालांकि मरीजों की तकलीफ पर सीएम चुप्पी साध गए।
कलेक्टोरेट को दिया जाएगा कंपोजिट भवन का रूप
सीएम को जानकारी दी गई कि जिले में कई शासकीय कार्यालय किराए के भवन में चल रहे हैं और काफी दूर-दूर हैं। इससे लोगों को परेशानी हो रही है। इस पर सीएम ने कलेक्टोरेट भवन के ऊपर एक और मंजिल के निर्माण की स्वीकृति दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा निर्माण के बाद अधिकतर कार्यालय इसी कैंपस में आएंगे।
कलेक्टर से भिड़े सांसद विधायक व भाजपाई
खोखरा में सीएम के हेलीकॉप्टर लैंडिग के लिए बनाए गए हेलीपैड परिसर में सभी के प्रवेश पर कलेक्टर ने रोक लगा रखी थी। इस दौरान सीएम के आने के थोड़ा समय पर पहले वहां सांसद कमला देवी पाटले, संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े सहित अन्य बड़े भाजपा के नेता पहुंचे। वह हेलीपैड परिसर में प्रवेश कर रहे थे कि कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। यह बात भाजपा नेताओं को इतनी नागवांर गुजरी कि वह कलेक्टर से भिड़ गए।
कलेक्टर से सांसद, विधायक व अन्य भाजपाइयों से काफी बहस हुई। वहां अन्य अधिकारियों का भी मजमा लग गया। सांसद पाटले व अंबेश जांगड़े से कलेक्टर की काफी देर तक तेज आवाज में बहस हुई। बाद में सीएम के आने की सूचना मिलते ही सभी अधिकारी ड्यूटी पर लग गए और जब सीएम पहुंचे तो कलेक्टर ने सांसद, विधायक व दो चार अन्य बड़े नेताओं को छोड़कर सभी के प्रवेश पर रोक लगा दिया। इससे भाजपाइयों में काफी रोष है।
जांजगीर व कोरबा में शुरू होगी दीनदयाल अन्न योजना
लोक सुराज अभियान 2018 के तहत मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जांजगीर-चांपा और कोरबा जिले के विकास कार्यो की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों जिलों में दीनदयाल अन्न योजना की एक अपै्रल से शुरूआत होगी। इस योजना के तहत पंजीकृत मजदूरों को केवल पांच रुपए में भरपेट भोजन दिया जाएगा।
Published on:
16 Mar 2018 12:01 pm
बड़ी खबरें
View Allजांजगीर चंपा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
