
जांजगीर-चांपा. एक ओर जहां शहर को मोदी की आने की सूचना पर शहर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है, वहीं जांजगीर के जिला चिकित्सालय में इसका कोई भी असर नहीं दिख रहा है। जिला चिकित्सालय में सफाई के नाम पर कुछ भी नहीं हुआ है। वहीं मरीजों के बेड में चादर तक नहीं बिछाई गई है। कई मरीजों के बेड में चादर भी नहीं है। बिना चादर के मरीज बेड पर सोए हुए हैं।
जिला चिकित्सालय में मरीजों को मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर हमेशा से ही सुर्खियों में रहा हैं जिला चिकित्सालय की व्यवस्था पटरी से उतर रही है जिसे पटरी पर लाने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा अथक प्रयास किये जा रहे हैं, इसके बावजूद जांजगीर के जिला चिकित्सालय के जिम्मेदार उनकी उम्मीदों पर पानी फेरने से नहीं चूक रहे हैं। जिला चिकित्सालय में अव्यवस्था किस प्रकार घर कर चुकी है इस बात का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अधिकांश वार्डों से एसी और पंखे सिर्फ दिखाने के लिए लगे हैं।

मरीजों का कहना है कि पीएम के दौरे के चलते अभी दो दिनों से यहां सफाई तो हो रही है, लेकिन उचित तौर पर नहीं। कई मरीजों ने आरोप लगाया कि यहां पर फिनाइल से पोछे नहीं लगाए जाते और बाथरूम व शौचालय की हालत भी बहुत दयनीय है। सुविधा के नाम पर जिला चिकित्सालय में लाखों रुपए आते हैं पर भर्ती मरीजों को उसके नाम पर खुद का पैसा खर्च करना पड़ रहा है, वहीं पीने के पानी के लिए बाहर से पानी लाना पड़ रहा है रोजाना फिनायल से पोछ नहीं लगने से यहां पर इंफेक्शन का भी खतरा बना रहता है।