
आत्महत्या (photo source- Patrika)
CG Suicide Case: जशपुर जिले के पत्थलगांव के समीपस्थ ग्राम सुखरापारा के कठरापारा से एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां शादी की तैयारियों के बीच एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव सहित आसपास के इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है, जिस घर में एक दो दिनों मे शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां अचानक मातम पसर गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, पत्थलगांव के सुखरापारा निवासी पंकज सिदार उम्र 25 का पिछले करीब दो वर्षों से रायगढ़ जिले के पोतरा गांव निवासी मोनिका सिदार उम्र 22 के साथ प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और आपसी सहमति से साथ रह रहे थे।
परिजनों की सहमति मिलने के बाद दोनों की शादी 13 से 15 अप्रैल के बीच तय की गई थी। विवाह को लेकर घर में जोर-शोर से तैयारियां चल रही थीं और परिवार के सदस्य भी उत्सव के माहौल में जुटे हुए थे। बताया जा रहा है कि 9 अप्रैल को मड़वा खंभा गाड़ने की रस्म की तैयारी भी की जा रही थी। घर में शादी की सजावट, मेहमानों के स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा था।
इसी बीच यह बात सामने आई कि युवती के मायके पक्ष के कुछ लोग शादी में शामिल नहीं होंगे, इस बात से मोनिका गहरे मानसिक तनाव में चली गई और वह काफी भावुक हो गई थी। परिजनों के मुताबिक, घटना की रात करीब 10 बजे मोनिका ने खाना खाने से इंकार कर दिया और मोबाइल लेकर अपने कमरे में चली गई। परिवार के लोगों ने इसे सामान्य नाराजगी समझकर ज्यादा ध्यान नहीं दिया, लेकिन अगली सुबह जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकली, तो परिजनों को चिंता हुई। कमरे में झांककर देखने पर सभी के होश उड़ गए, मोनिका दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकी हुई मिली।
घटना की सूचना तत्काल पत्थलगांव पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक असहमति, सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव से जुड़ा बताया जा रहा है।
जंगल में पेड़ से लटकी मिली दो दोस्तों की लाश, जांच में जुटी पुलिस, इलाके में फैली सनसनी- कोरबा जिले के बालकोनगर से सटे गांव बेला में फांसी के फंदे पर दो युवकों की लाश एक पेड़ से लटकी मिली है। दोनों युवकों की दोस्ती थी। खुदकुशी का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर जांच की जा रही है… पूरी खबर पढ़े
Updated on:
13 Apr 2026 04:24 pm
Published on:
13 Apr 2026 04:24 pm
