
अस्पताल में इलाज जारी (पत्रिका फोटो)
भवानीमंडी (झालावाड़): नगर की ईदगाह में मोहर्रम के अवसर पर आयोजित लंगर का भोजन खाने के बाद एक बड़ा हादसा सामने आया है। जहां दूषित भोजन (फूड पॉइजनिंग) के कारण 100 से अधिक लोग बीमार हो गए। भोजन करने के महज 2 से 3 घंटे बाद ही पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को तेज उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते अस्पताल में मरीजों की लाइनें लग गईं और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सभी बीमारों को तुरंत भवानीमंडी के उप जिला अस्पताल और एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
तहसीलदार अब्दुल हफीज ने बताया कि रविवार को ईदगाह में मोहर्रम के तहत लंगर का आयोजन किया गया था। इस दौरान जायरीन और स्थानीय लोगों को भोजन में दाल-मांडे और सेवइयां परोसी गई थीं। लंगर छकने के कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। आनन-फानन में परिजनों ने बीमारों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया, जिसके बाद उप जिला अस्पताल के डॉ. राम सिंह और डॉ. दीपिका नागर ने प्राथमिक उपचार कर मरीजों को वार्डों में भर्ती किया।
बीमार होने वालों में मुख्य रूप से भवानीमंडी निवासी शकीला बी, जावेद, अल्तमस बेग, नईम, अनीसा, फातिमा, अजहर, समीर, अमृत बानो, रिजवाना, नगीना, रुबीना, रुकसार, नजराना शेख, सुबिदा, शादाब खान सहित भैसौदा निवासी शहनाज और शामगढ़ निवासी तोसिबा समेत 100 से अधिक लोग शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. विकास जैन ने दोनों अस्पतालों का दौरा कर मरीजों का हालचाल जाना और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल स्थिर और खतरे से बाहर है। सभी को ड्रिप चढ़ाकर दवाइयां दी जा रही हैं।
ब्लॉक सीएमएचओ ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए लंगर में बने भोजन के सैंपल ले लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रथम दृष्ट्या आशंका जताई जा रही है कि मीठी सेवइयों को बनाने में इस्तेमाल किया गया मावा खराब था, जिसके कारण लोगों को फूड पॉइजनिंग हुई।
इधर, घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्यवाहक थानाधिकारी रेवतीरमण भी पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जानकारी जुटाई। पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
Updated on:
19 Jul 2026 10:16 pm
Published on:
19 Jul 2026 10:11 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
