
घायल दोस्त के लिए पानी लेने गया था युवक, पीछे से पिकअप ने कुचला, हुई मौत
झालावाड़/सुनेल
कस्बे के पिड़ावा मार्ग पर खेल मैदान के समीप शुक्रवार देर रात एक बाइक सवार की अज्ञात पिकअप के कुचलने से मौत हो गई। थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह शेखावत ने बताया कि शुक्रवार देर रात को झालावाड़ निवासी मंगलसिंह ने रिपोर्ट देकर बताया कि बताया कि वह और उसका साथी मायाखेड़ी निवासी राजेश मेघवाल (24) बाइक से माखाखेड़ी जा रहे थे, तभी रास्ते में खेल मैदान के समीप बाइक फिसल जाने से वह गिर गए और राजेश मेघवाल घायल हो गया। इस दौरान मंगलसिंह घायल के लिए पानी लेने चला गया। इसी बीच अचानक अज्ञात पिकअप ने राजेश मेघवाल को कुचल दिया जिससे वह गंभीर घायल हो गया।
एम्बुलेंस समय पर नही आने से रोष
मंगलसिंह ने बताया कि उसने आठ से दस बार 108 एम्बुलेंस पर फोन किया लेकिन समय पर एम्बुलेंस नही आई। इसके बाद पुलिस की गाड़ी से घायल को सुनेल चिकित्सालय में लाया गया जहां राजेश मेघवाल की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौप दिया। वहीं मृतक केे परिजनो ने एम्बुलेंस समय पर नही आने से रोष जताया।
Published on:
20 Oct 2018 06:40 pm
