
Photo Credit: Brijendra Singh Ola Facebook
Lok Sabha Elections : झुंझुनूं से लगातार चौथी बार विधायक बृजेन्द्र ओला को कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। 72 वर्ष के ओला राजस्थान सरकार में दो बार राज्य मंत्री व जिला प्रमुख भी रह चुके। राजनीति विज्ञान से एमए व एलएलबी कर चुके ओला परिवार में तीसरे व्यक्ति हैं, जिनको कांग्रेस ने लोकसभा का टिकट दिया है।
इससे पहले उनके पिता शीशराम ओला झुंझुनूं से पांच बार सांसद तथा केन्द्र व राज्य में मंत्री व जिला प्रमुख रह चुके। बृजेन्द्र ओला की पत्नी राजबाला भी एक बार कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़ चुकी, लेकिन उनको भाजपा की संतोष अहलावत के सामने हार का सामना करना पड़ा था।
झुंझुनूं से टिकट के लिए दावेदारी करने वाले तो खूब थे, लेकिन सबसे मजबूत ओला को ही माना जा रहा था। ओला ऐसे प्रत्याशी हैं जिनकी पूरी लोकसभा में पकड़ है। इसके अलावा उन्होंने विधानसभा चुनाव से पहले ही इसकी तैयारी कर ली थी। ओला ने फतेहपुर, पिलानी व उदयपुरवाटी में अपने निकट व्यक्तियों को टिकट दिलाकर राजनीति की बिसात पर चालें चल दी थी।
वहीं अरडावता गांव में जब कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी आई तब सभी कांग्रेस के विधायकों व संभावित प्रत्याशियों को बुलाकर एकजुटता का संदेश दे दिया था। ओला को गांधी परिवार का नजदीकी माना जाता है। वहीं कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व सचिन पायलट भी उनके साथ रहे।
विधान सभा चुनाव 2023 में झुंझुनूं सीट के अंदर आने वाले 8 में से 6 सीटों पर कांग्रेस ने विजय हासिल की है। कांग्रेस पार्टी ने मंडावा ,उदयपुरवाटी ,सूरजगढ़, पिलानी और फतेहपुर की विधान सभा सीटों पर जीत हासिल की जबकि शेष 2 सीटेें नवलगढ़ और खेतड़ी बीजेपी के खाते में गई। ऐसे में कांग्रेस इस सीट पर मजबूत स्थिति में है।
पिछले चुनाव में कांग्रेस ने श्रवण कुमार को टिकट दिया था, लेकिन उनको भाजपा के नरेन्द्र कुमार खींचड के सामने हार का सामना करना पड़ा था। इस बार वे विधायक हैं, लेकिन कांग्रेस ने श्रवण कुमार की जगह फिर ओला परिवार पर भरोसा जताया है।
Published on:
13 Mar 2024 06:43 pm
