
बुहाना।
बुहाना एसडीएम राधिका देवी ने आचार संहिता का उल्लंघन करने पर झुंझुनूूं जिले के सूरजगढ़ से कांग्रेस विधायक श्रवण कुमार को नोटिस जारी किया है। साथ ही एसडीएम ने लिखा है कि विधायक ने मंच पर एक व्यक्ति से रुपए लिए हैं। वहीं विधायक श्रवण कुमार का कहना है सभी आरोप निराधार हैं।
एसडीएम ने बताया कि घरडाना खुर्द में रविवार को सभा में आयोजक बहादुर सिंह ने किसान सभा एवं सांस्कृतिक कार्यकम की अनुमति ली थी, पर इसे राजनीतिक मंच का रूप दे दिया गया। सभा में किसी पार्टी विशेष का प्रचार होने से सभा का संपूर्ण खर्च पार्टी के खाते में नियमानुसार डाले जाने का प्रावधान है।
सभा में 30-35 सवारों द्वारा मोटरसाइकिल रैली भी निकाली गई और डीजे साउंड भी बजाया गया है। जबकि धारा 144 के प्रावधानों के अनुसार और आदर्श आचार संहिता की अनुपालना में 10 से अधिक वाहन बिना अनुमति के संगठित होकर रैली नहीं निकाल सकते।
रुपए लेकर जेब में रखे!
एसडीएम की ओर से पत्रकारों को भेजे गए वाट्सएप संदेश में लिखा है कि विधायक श्रवण कुमार मंच पर एक व्यक्ति से रुपए लेकर अपनी जेब में डालते हुए दिखाई दे रहे हैं।
नोटिस जारी करने के बारे में मुझे जानकारी मिली है। किसान सभा की स्वीकृति लेकर किसान सभा का ही आयोजन किया गया है। नोटिस जारी करना राजनीति से प्रेरित है। हमने आचार संहिता का उल्लंघन नहीं किया। नोटिस में लगाए आरोप बेबुनियाद हैं।
- श्रवण कुमार विधायक, सूरजगढ़ विधानसभा।
Updated on:
06 Nov 2018 07:48 am
Published on:
06 Nov 2018 07:45 am
