
two arrested with weapons in Jhunjhunu before assembly elections 2018
झुंझुनूं। विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने के साथ ही जिले में अपराधी सक्रिय हो गए हैं। पिलानी पुलिस ने स्पेशल टीम के साथ कार्रवाई करते हुए रविवार को चुनाव से पहले किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहे दो बदमाशों को हथियारों सहित को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस दौरान उनका तीसरा साथी फरार हो गया। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा बरामद किया गया है। बदमाशों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद गोयल ने बताया कि चुनाव को देखते हुए पुलिस ने अपराधियों की धरपकड़, मादक पदार्थ व अवैध हथियारों के विरूद्ध अभियान चलाया हुआ है। इस अभियान के दौरान पिलानी पुलिस को हथियारों से लैस बदमाशों के किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घूमने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने गांव पीपली निवासी अंकित जाट उर्फ कालीया (24) व पीपली निवासी रविन्द्र उर्फ वीपी सिंह (24) को गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास से तीन अवैध पिस्तोल 315 बोर, एक 12 बोर की बंदूक सहित 40 जिन्दा कारतूस बरामद किए गए।
यूपी से लाते हैं हथियार
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि हथियार उत्तर प्रदेश से लेकर आते हैं, बाद में उन्हें लोगों को बेचते हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही हथियारों की मांग बढऩे लग गई है। इसको देखते हुए हथियार इकठ्ठे किए जा रहे थे। फायरिंग के आरोपित पिलानी थानाधिकारी मदनलाल कड़वासरा ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने 19 दिन पहले साथी नवीन उर्फ मोनू के साथ पिपली के शराब ठेके पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। मामले में आरोपित फरार चल रहे थे।फरार नवीन उर्फ मोनू से पहले पांच अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं।
दलाल के मार्फत खरीदे हथियार
पूछताछ में बताया कि हथियारों की खरीद फरोख्त स्थानीय के अलावा उत्तर प्रदेश में एक दलाल के मॉर्फत करते हैं। इसके बाद में पिलानी व उसके आस-पास सप्लाई किया करते हैं। अब तक 20 जनों को हथियारों की सप्लाई कर चुके हैं। पुलिस की ओर से अवैध हथियार खरीदने वालों को चिन्हित करने में जुटी हुई है।
Published on:
22 Oct 2018 05:57 pm
