9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

आरोपियों से सुनार से लूटी बाइक व मोबाइल बरामद

- युवती से मिलने फ्लैट पहुंचे सुनार को बंधक बनाकर फिरौती मांगने का मामला

2 min read
Google source verification
आरोपियों से सुनार से लूटी बाइक व मोबाइल बरामद

आरोपियों से सुनार से लूटी बाइक व मोबाइल बरामद

जोधपुर. राजीव गांधी नगर थाना पुलिस ने युवती से मिलने के लिए अरिहंत नगर स्थित फ्लैट पहुंचे सुनार को बंधक बनाकर फिरौती मांगने के मामले में दो आरोपियों से पुलिस ने लूट की बाइक व मोबाइल बरामद किया। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश जारी है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रीति चन्द्रा ने बताया कि मामले में बारां खुर्द निवासी सूरजसिंह उर्फ सुरेन्द्रसिंह (25) पुत्र रतनसिंह व आऊ निवासी विक्रमसिंह (23) पुत्र मंगलसिंह को जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर रिमांड लिया गया। आरोपियों की निशानदेही से ज्वैलर राज सोनी की बाइक व मोबाइल बरामद किया। दोनों आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया जाएगा। प्रकरण में दो अन्य युवक भी आरोपी हैं, जो फरार हैं। इनकी तलाश में पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

जेल में शिनाख्त परेड के बाद फिर गिरफ्तार
थानाधिकारी बलराजसिंह मान ने बताया कि गत सात फरवरी को एएसआई जगदीशसिंह के नेतृत्व में पुलिस ने सूरजसिंह व विक्रमसिंह को बापर्दा गिरफ्तार किया था। शिनाख्त परेड के लिए दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा दिया गया था, जहां शनिवार को ज्वैलर राज सोनी से शिनाख्त परेड कराई गई थी। इसके बाद दोनों को फिर से गिरफ्तार किया गया।

युवक ने ही युवती से मिलने बुलाया था फ्लैट
प्रकरण में दो युवक फरार हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। इनमें शामिल एक युवक ने चार फरवरी को ज्वैलर राज सोनी से व्हॉट्सएप पर बात की थी। उसे एक युवती से मिलाने के लिए शाम को अरिहंत नगर स्थित फ्लैट में बुलाया था। राज जब वहां पहुंचा तो आरोपियों ने पकड़कर बंधक बना लिया था व छोडऩे के लिए एक लाख रुपए मांगे थे। उससे बाइक की चाबी व मोबाइल लूट लिए थे। ज्वैलर ने डाली बाई मंदिर चौराहे पर भाई के मित्र से रुपए दिलाने का झांसा दिया था। एक युवक बाइक पर ज्वैलर को लेकर डाली बाई मंदिर चौराहे पहुंचे तो मौका पाकर ज्वैलर भाग निकला था।