जोधपुर/ भोपालगढ़ . तप, जप, ज्ञान, ध्यान, आराधना व साधना का पावन पर्व चातुर्मास गुरुवार को देवशयनी एकादशी के साथ शुरू हो गया। जिसके तहत भोपालगढ़ क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर गाजे-बाजे एवं शोभायात्रा के साथ चातुर्मास कार्यक्रम शुरू हुए और कई स्थानों पर पहले ही दिन संतों के चातुर्मासिक प्रवचन भी शुरू हो गए। कुछ स्थानों पर शुक्रवार से प्रवचन शुरू हुए। चातुर्मास कार्यक्रम के तहत भोपालगढ़ उपखण्ड क्षेत्र के रजलानी गांव स्थित सिद्धबाबा शिवनाथ महाराज के धूणे पर गुरुवार को विशाल शोभायात्रा के साथ चातुर्मास सत्संग समारोह का शुभारंभ हुआ। युवा कार्यकर्ता सुनील पाड़ीवाल ने बताया कि क्षेत्र के ठाकुरजी के मंदिर से शिवनाथ धूणे तक कथापोथी व कथाव्यास संतों की शोभायात्रा एवं जुलूस निकाला गया। साथ ही शिवनाथ धूणे पर पहुंचने के बाद धूणे की साध्वी सुखियाबाई व सरपंच पारस गुर्जर की मौजूदगी में कथाव्यास संत श्रवणराम महाराज को व्यासपीठ पर विराजित किया गया।