
जोधपुर. दिवाली से पहले सरकार ने अंत्योदय परिवारों के लिए अक्टूबर, नवम्बर और दिसम्बर माह की चीनी, नवम्बर माह का गेहूं और केरोसिन जारी किया गया है। इससे खानाबदोश, बेघर सहित निचले तबकों का मुंह मीठा हो पाएगा और घर भरा-भरा सा रहेगा।
राशन डीलर्स ने चीनी का वितरण शुरू कर दिया है। प्रत्येक परिवार को प्रति महीना एक किलो चीनी 24.50 रुपए किलो के हिसाब से दी जाएगी। इसका आवंटन पोस मशीन से होगा। नवम्बर माह हीने का गेहूं वितरण के लिए राशन की दुकानों पर पहुंच रहा है।
केरोसिन की कीमत में मामूली वृद्धि
सरकार ने जोधपुर को हर माह की तरह इस बार भी 12 किलोलीटर केरोसिन दिया है। हालांकि पिछले 14 माह से जोधपुर का रसद विभाग केरोसिन नहीं उठा रहा, इससे उपभोक्ताओं को वितरण बंद है। विभाग का कहना है अब तक किसी जरुरतमंद ने केरोसिन की डिमाण्ड नहीं की। केरोसिन की कीमत अब मामूली बढ़ाकर 30.30 रुपए प्रति लीटर की गई है। प्रत्येक परिवार को 2.50 लीटर केरोसीन मिलता है।
जानिए चीनी वितरण के बारे में
– 1118450 किलो चीनी मिली प्रदेश को
– 36200 किलो चीनी आई जोधपुर के हिस्से में
– 9546 अंत्योदय परिवार है जोधपुर में
– 682558 परिवार है प्रदेश में
– 968 राशन की दुकानें है जोधपुर में
– 23815 राशन दुकानें हैं प्रदेश में
– 1 किलो चीनी मिलती है प्रति परिवार
– 24.50 रुपए प्रति किलो भाव है चीनी के
केरोसीन व गेहूं का वितरण
– 9550 क्विंटल गेहूं मिला है जोधपुर को
– 5 किलो गेहूं प्रति महीना प्रति यूनिट मिलता है
– 2 रुपए प्रति किलो है गेहूं की कीमत
– 2.50 लीटर केरोसीन मिलता है प्रत्येक परिवार को
– 30.30 रुपए प्रति लीटर है केरोसीन की कीमत