जोधपुर. मारवाड़ में भीषणतम गर्मी का दौर शुक्रवार को भी रहा। आसमां से बरसते शोलो और धरती से उठती गर्म लपटों के बीच ऐसा कोई शहर, गांव, कस्बा बमुश्किल ही था जहां तापमान 46 डिग्री से कम हो। अधिकांश स्थानों पर पारा 46 से 47 के मध्य रिकॉर्ड किया गया। जोधपुर में लगातार सातवें दिन तापमान उछलकर 46.3 रिकॉर्ड किया गया। चारों तरफ गर्म हवाओं के झौंकों ने इंसान तो क्या पशु-पक्षियों को भी बेदम कर दिया। दोपहर में लू से जलन का अहसास होने लग गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घण्टे इसी तरह आग बरपाने वाला मौसम रहेगा। उसके बाद तापमान मामूली कमी आएगी। रविवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने सोमवार से कुछ राहत मिलनी शुरू होगी। मंगलवार को पारा चालीस डिग्री के पास आने की उम्मीद है।